गोरखपुर शहर के रहने वाले एक प्रोफेसर और लेडी डॉक्टर से सेक्सटॉर्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रोफेसर को वीडियो काल करने वाली महिला ने पहले उन्हें बातों में उलझाया। फिर खुद अश्लील हरकतें करने लगीं। ऐसा करते हुए उसने स्क्रीन रिकाॅर्ड कर लिया। लेडी डॉक्टर के साथ एक युवक ने ऐसा ही किया। उसने डॉक्टर का मरीज बनकर बात शुरू की और फिर अश्लीलता करने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वे लाखों रुपए वसूल चुके हैं। परेशान होकर प्रोफेसर और डॉक्टर ने साइबर पुलिस को शिकायत की।
गोरखपुर साइबर सेल के अनुसार, बीते 5 महीने में ऐसे 300 केस सामने आ चुके हैं।साइबर सेल के अनुसार पांच महीने में करीब 300 लोग सेक्सटॉर्शन के शिकार होकर आर्थिक नुकसान व मानसिक प्रताड़ना झेल चुके हैं। कई लोग तो लोक लाज के डर से शिकार होने के बावजूद पुलिस तक नहीं पहुंचे। लेकिन जो पुलिस तक पहुंचा उन्हें इस मुसीबत से निकाल लिया गया।
इस तरह फंसाते हैं जाल में
साइबर सेल के अनुसार ये जालसाज सोशल साइट फेसबुक आदि पर पहले प्रोफाइल देख लेते हैं। उनके दोस्त या परिचित के नाम से वीडियो कॉल करते हैं। जैसे ही सामने वाला फोन उठाता है, इधर से ये अश्लील हरकत शुरू कर देते हैं। इसके बाद स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेते हैं। इसमें ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों एक ही स्थान पर हैं। फिर ये वीडियो क्लिप्स वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करते हैं।
प्रोफ़ाइल लॉक करके बच सकते हैं लोग
एसपी क्राइम डॉ. एमपी सिंह कहना है कि कई लोग इसका तेजी से शिकार हो रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में यह बढ़ गया है। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। शिकायत आने पर कार्रवाई भी की जा रही है। लोगों को अपना फेसबुक सहित अन्य साइट की प्रोफाइल लॉक कर रखना चाहिए, अंजान वीडियो काल रिसीव न करें, अनजान लोगों से चैटिंग न करके ही इस प्रकार के खतरे से बचा जा सकता है। पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है।
प्रयागराज में भी 70 महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार हुआ था
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.