गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके के एक मोहल्ले की दो छात्राएं मां की डांट से नाराज होकर लखनऊ चली गई थीं। वहां जाते-जाते पैसे खत्म होने लगे तो उन्हें अहसास हुआ कि उन्होंने गलत कर दिया है। इसके बाद दोनों गोरखपुर लौटने लगीं। इधर पुलिस उनकी तलाश में लोकेशन निकाल रही थी। जैसे ही वो रोडवेज की बस से ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची, पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार की सुबह दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद कहा।
इंस्पेक्टर रामगढ़ताल सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि इलाके के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने बीते 23 मार्च 2022 की शाम को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी व पड़ोसी की बेटी शहर के एक स्कूल में 11वीं में पढ़ती हैं। दोनों सुबह स्कूल गई थीं लेकिन घर वापस नहीं लौटीं। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि दोनों स्कूल गई ही नहीं थीं।
उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर देखा गया तो उनकी लोकेशन लखनऊ में मिली। पुलिस लगातार उनकी लोकेशन चेक करती रही और एक टीम लखनऊ के लिए रवाना हुई। 24 मार्च 2022 की रात दोनों की लोकेशन लखनऊ से गोरखपुर आने की मिली। लाइव लोकेशन के आधार पर दोनों को ट्रांसपोर्ट नगर में बरामद कर लिया गया। दोनों रोडवेज बस से गोरखपुर आ रही थीं।
फोन पर बात करने से मम्मी ने डांटा था
जिस महिला ने तहरीर दी थी उसकी बेटी ने पुलिस को बताया कि मोबाइल पर बात करने से उसकी मम्मी डांटती थीं। जिससे नाराज होकर वह अपनी सहेली के साथ लखनऊ घूमने चली गई थी। बाद में पैसे समाप्त होने व गलती का एहसास होने पर वे लौंट आई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.