हापुड़ में बदमाशों ने दिन निकलते ही बाइक सवार व्यापारी को गोली मारकर 3 लाख रुपए लूट लिए। सूचना मिलने पर भारी संख्या में व्यापारी मौके पर जमा हो गए। पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुटी है। घटना से व्यापारी दहशत में हैं।
मंडी जा रहे व्यापारी को मारी गोली
शनिवार की सुबह पक्का बाग निवासी गोविन्द गर्ग बाइक पर सवार होकर मंडी जा रहे थे। जैसे ही वो गढ़ रोड फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। हाथ में गोली मारकर बदमाश बैग छीन ले गए। लूट की सूचना मिलते ही व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
जल्द होगा घटना का खुलासा
सूचना मिलने पर एसपी दीपक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल अवस्था में व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी से बदमाशों की खोजबीन में जुटी है। एएसपी सर्वेश मिश्रा ने बताया की बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहें हैं। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।
घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश
गुड़ व्यापारी के साथ हुई घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारी नेता टुक्कीराम गर्ग ने बताया की कुछ दिन पहले भी गुड़ व्यापारी को बदमाशों ने गोली मारकर लूटा था। व्यापारी सुरक्षित नहीं है।
घटना के खुलासे के नाम पर खानापूर्ति कर पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा का इंतजाम नहीं करती। जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने विरोध करते हुए जल्द घटना का खुलासा और सुरक्षा के ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.