हाथरस जिले के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महौ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ में कोरोना की वैक्सीन की सुरक्षा में लगे हेड कांस्टेबल को कूलर से करंट लग गया। जिससे वह बेहोश हो गए। यह देख अस्पताल प्रशासन के लोग घबरा गए और उन्हें बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर पुलिसकर्मी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अस्पताल परिसर में पुलिस कर्मियों की भीड़ लग गई।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 55 वर्षीय हेड कांस्टेबल (प्रोन्नत वेतनमान) रघुनंदन सिंह निवासी भीमनगर थाना बकेवर जिला इटावा की वैक्सीन की सुरक्षा में ड्यूटी लगी हुई थी। वह यहीं पर निवास भी करते थे। कल रात को वह अपने कमरे के बाहर लगे कूलर में पानी डाल रहे थे। वहां उन्हें कूलर से करंट लग गया और बेहोश होकर गिर गए।
इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। रघुनंदन सिंह को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस विभाग के लोगों की जिला अस्पताल में भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह रखवाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.