हाथरस महोत्सव में देर रात राइजिंग स्टार-2 हेमंत ब्रजवासी के गानों पर दर्शक जमकर झूमे। बागला कॉलेज के मैदान में आयोजित रियलिटी शो के दौरान हेमंत ब्रजवासी ने ब्रज की संस्कृति से छूते हुए कई गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं इस शो के दौरान फिल्मी गानों पर भी युवा जमकर थिरके।
हेमंत ने भजन, सूफी और फिल्मी गाने गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाबी गानों की धुनों पर युवाओं को झुमाया तो सूफी गाकर उम्रदराज लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। फरमाइशों के आधार पर गाने गाकर सुनाए। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बृज के लाल हेमंत बृजवासी ने अपने सुरों से समा बांधा। उन्होंने ‘वारी वारी जाउं मेरे श्याम सोहना मेरे बांके बिहारी‘ भजन से अपने सुरों का जादू बिखेरा।
हेमंत ने बताया कि बांके बिहारी की कृपा से फिल्म गदर-2 में गायन का मौका मिला है। जीनियस फिल्म में भी गाना गया है। इस गाने के बोल थे ... वो नखरे वाली है, राधिका प्यारी है। इसे मेरे पिता ने कंपोज किया था। हाथरस महोत्सव में कार्यक्रम के दौरान राइजिंग स्टार-2 हेमंत ब्रजवासी ने यह जानकारी पत्रकारों से वार्ता के दौरान दी।
संगीत हमेशा देता है साथ
एक सवाल के जवाब में कहा कि हर कलाकार का एक दौर आता है। कई सिंगर ऐसे हैं, जिनका एक दौर रहा था। संगीत आपका हमेशा साथ देगा। इस दौर में अंदर की प्रतिभा ही खुद का साथ देती है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे शो के जरिए ही मुझे ये उपलब्धि मिली है। ब्रज की छोटी-छोटी गलियों की वजह से ही मुझे आज ये आयाम मिला है। लोगों की जुबान से सुना है कि ब्रज को हेमंत ने गौरवान्वित किया है।
सरकारें कलाकरों पर नहीं देतीं ध्यान
उन्होंने कहा कि सरकारें किसी भी कलाकार की ओर कोई ध्यान नहीं देती हैं। कई कलाकार ऐसे हैं, जिनके सामने आज भी रोजी रोटी का संकट है। कलाकार एक ऐसी प्रजाति है, जो खुद ही अपना ध्यान देते हैं। कलाकार हमेशा जिंदगी के साथ जद्दोजहद करते हैं। हम रातों को जगते हैं, लोग रातों को सोते हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.