हाथरस में जिला अस्पताल में एक युवक थैली में सांप लेकर अस्पताल पहुंच गया। ये देखकर अस्पताल में मौजूद सभी लोग हैरान भी हुए और डर भी गए। वहां डॉक्टरों ने जब शख्स के पास सांप देखा तो उनमें भी अफरा-तफरी मच गई।
युवक के साथ उसकी पत्नी भी मौजूद थी। उसे उसी सांप ने डस लिया था, जिसे उसका पति थैली में बंद करके लाया था। सांप मरा हुआ था, इसके बाद चिकित्सक ने महिला को उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती किया और उसका इलाज शुरू कर दिया।
लाठी से मारकर थैली में भरा
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लालपुर में सुबह खेत पर धान की कटाई करते समय 20 वर्षीय आरती को दो बार सांप ने डस लिया। सांप के डसने से महिला की हालत खराब हो गई। महिला के चिल्लाने पर उसका पति रोहित और घर के अन्य लोग वहां पहुंचे। पति ने वहां सांप को देखा तो उसे लाठी-डंडों से मार डाला और एक थैली में बंद कर दिया।
गांव में लोगों को सांप काटने पर डॉक्टर करते थे सवाल
इसके बाद पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया, लेकिन पत्नी के साथ पति थैली में मरे हुए सांप को भी ले आया। पत्नी को इलाज के लिए उसने अस्पताल में भर्ती करा दिया। अस्पताल में मौजूद लोगों ने जब साथ में सांप लाने का कारण पूछा तो रोहित ने बताया कि उसने अपने गांव में पहले भी सांप के डसने के मामले देखे हैं।
खतरे से बाहर महिला की स्थिति
इनमें पीड़ितों को इलाज के लिए अस्पताल लाते हैं तो चिकित्सक सांप के बारे में जानकारी मांगते हैं। पूछते हैं कि पीड़ित को किस प्रकार के सांप ने काटा है इसलिए सांप को मारकर ले आया। डॉक्टर जेके मल्होत्रा ने बताया कि महिला का उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.