1740 गांव में 4.6 लाख तिरंगे की हुई थी आपूर्ति:एक महीने बाद भी 95 लाख रुपये का नहीं हुआ भुगतान

जौनपुर6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
NRLM की तरफ से जौनपुर के 1740 गांव में लगभग 4.6 लाख तिरंगे की आपूर्ति कराई गई थी। - Dainik Bhaskar
NRLM की तरफ से जौनपुर के 1740 गांव में लगभग 4.6 लाख तिरंगे की आपूर्ति कराई गई थी।

जौनपुर के 21 ब्लॉक में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की तरफ से ग्राम पंचायतों को झंडे उपलब्ध कराए गए थे। एक महीना बीत जाने के बावजूद उपलब्ध कराए गए झंडे का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है। ये भुगतान ग्राम निधि से किया जाना था। NRLM की तरफ से जौनपुर के 1740 गांव में लगभग 4.6 लाख तिरंगे की आपूर्ति कराई गई थी।

25 रुपए की दर से हुई तिरंगे की आपूर्ति

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया गया था। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जौनपुर में भी तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया था। 6 लाख तिरंगे के सापेक्ष में जौनपुर में 4,59,520 तिरंगे को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को उपलब्ध कराना था। जिला पंचायत राज अधिकारी के कहने पर एनआरएलएम की तरफ से समूह को दिए जाने वाले आरएफ, सीआईएफ और ग्राम संगठन आजीविका निधि से तिरंगे को उपलब्ध करा दिया गया। लेकिन एक महीना बीत जाने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।

10.5 लाख का हुआ भुगतान

समूह की तरफ से 25 रुपये प्रति तिरंगे की दर से सभी ग्राम पंचायतों को आपूर्ति की गई थी। धनराशि के आधार पर 1 करोड़ 48 लाख 8 हजार रुपये की देनदारी थी। इस धनराशि में से 10 लाख 53 हज़ार रुपये का भुगतान हो गया है। लेकिन अभी तक 95 लाख रुपए का बकाया नहीं मिला है।

सचिव को अपलोड करना होगा सॉफ्टवेयर

इस मामले पर जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए सचिव को एक सॉफ्टवेयर अपलोड करना होगा। लगभग 1500 ग्राम पंचायतों द्वारा इसे पूरा कर लिया गया है। प्रक्रिया के अंतर्गत कुछ जरूरी औपचारिकताएं बाकी है। औपचारिकताएं पूरी होते ही ग्राम निधि से भुगतान भी पूरा कर दिया जाएगा।