उत्तर प्रदेश के शिक्षा मॉडल पर दिल्ली के आम आदमी पार्टी के गोकलपुर विधानसभा के विधायक चौधरी सुरेंद्र ने तंज कसा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जौनपुर के वाजिदपुर प्राइमरी स्कूल के सामने प्रदर्शन किया। दरअसल, प्राइमरी विद्यालय टीन शेड में चल रहा था। किसी कारणवश वाजिदपुर स्कूल का संचालन कंपोजिट विद्यालय नईगंज में किया जा रहा है। जिसके चलते छोटे बच्चों को 5 किलोमीटर का सफर तय कर स्कूल जाना पड़ रहा है।
UP के शिक्षा मॉडल पर तंज कसते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार छोटे बच्चों को संवैधानिक हक नहीं दे रही है। दिल्ली के स्कूल की चर्चा पूरे विश्व भर में हो रही है। वहीं उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालय खस्ताहाल हालत में चल रहे। योगी सरकार में 25 हजार प्राइमरी स्कूल को बंद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट सेक्टर के विद्यालयों से सांठगांठ कर योगी सरकार सरकारी स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं को नेस्तनाबूद कर रही है।
टीन शेड में चल रहा था स्कूल
जौनपुर के वाजिदपुर वार्ड में प्राइमरी विद्यालय टीन शेड में चल रहा था। दिल्ली की गोकलपुर विधानसभा के AAP विधायक चौधरी सुरेंद्र ने प्राइमरी स्कूल के सामने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि UP की योगी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। दिल्ली के सरकारी स्कूल विश्व में मिसाल पेश कर रहे हैं। वहीं UP में सरकारी विद्यालय टीनशेड में चल रहे हैं।
रसोइए का रोजगार छीन लिया
उन्होंने कहा कि 12 सितंबर को वाजिदपुर के प्राइमरी स्कूल को दूसरे विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया। बच्चों को 5 किलोमीटर दूर सफर तय कर उस विद्यालय में जाना पड़ रहा है। विद्यालय में संसाधनों का अभाव भी है। विद्यालय में मिड डे मील बनाने वाली महिला का रोजगार भी छीन लिया गया है। महिला के छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार चलाने में महिला को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
UP में 25 हजार विद्यालय बंद
आम आदमी पार्टी के विधायक चौधरी सुरेंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 25 हजार सरकारी विद्यालयों को बंद कर दिया है। प्राइवेट सेक्टर से सांठगांठ कर सरकारी तंत्र पर हमला किया जा रहा है। संविधान में दिए गए अधिकारों का हनन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल और UP के शिक्षा मॉडल में जमीन आसमान का अंतर है।
पूरा ज्ञापन सुने बिना लौट गईं SDM
आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन की सूचना पर सदर एसडीएम ज्योति सिंह पहुंची थी। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और गोकलपुर के विधायक ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने दोबारा स्कूल के संचालन की मांग रखी। इस दौरान विधायक चौधरी सुरेंद्र ने उनसे पूरा ज्ञापन सुनने की अपील की। लेकिन कम समय का हवाला देते हुए एसडीएम सदर वहां से निकल गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.