जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव के पास सई नदी में नहाने गए दो मासूम डूब गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने एक को बचा लिया। दूसरा किशोर लापता है और अभी भी तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
सई नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
बरबसपुर गांव निवासी अंकित सरोज (12) पुत्र गुलाब सरोज और रॉबिन्स जायसवाल पुत्र विजय जायसवाल घर से बिना किसी को बताए दोपहर को सई नदी में नहाने के नियत से इजरी गांव के पास पहुंच गए। दोनों किशोर नदी में नहाने लगे। गहराई का अंदाजा न होने के कारण अधिक पानी में उतरने से दोनों डूबने लगे। इस दौरान छटपटाते हुए शोर मचाने लगे। नदी के किनारे मौजूद कुछ लोगों ने शोर सुनकर नदी में छलांग लगाई। उन लोगों ने पानी में डूब रहे रॉबिन्स को बाहर निकाला। रॉबिन्स ने बताया कि उसका दोस्त अंकित भी डूबा है। यह सुन युवक अंकित को खोजने लगे। नदी में तलाश करने पर उन्हें कुछ भी नहीं मिला।
लापता किशोर का नहीं चल सका पता
घटना की जानकारी होते ही गांव के काफी लोग वहां जमा हो गए। घटना की सूचना पर जलालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर गोताखोरों की मदद से अंकित को ढूंढने लगी। घण्टों खोजने के बाद भी अंकित सरोज का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद अंकित के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.