झांसी पुलिस ने रेप के मामले में तीन साल से फरार 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। वह 15 साल की लड़की को भगाकर राजस्थान ले गया था और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। करीब आठ माह बाद लड़की को पुलिस ने बरामद किया था, लेकिन आरोप फरार था।
बुधवार को वह पनारी से परैछा जाने वाले रास्ते पर तमंचा लेकर घूम रहा था। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उससे 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ पूंछ थाना में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है।
फोन से हुआ था संपर्क
एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि राजस्थान के धौलपुर जिले के गांव गामरी निवासी विक्रम उर्फ किशन पुत्र मांगीलाल 2019 में पूंछ में मजदूरी का काम करता था। तब उसकी पनारी की 15 साल की लड़की से जान पहचान हो गई और दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। इसके बाद आरोपी विक्रम 20 जून 2019 को लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले गया था। पिता ने चार दिन बाद पूंछ थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
आठ माह बाद मिली थी लड़की
पुलिस ने करीब दो फरवरी 2020 को लड़की को तलाश कर लिया था। तब रेप की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने 17 नवंबर 2020 को आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हुई थी। आरोपी विक्रम पर 25 हजार का इनाम रखा गया था। आखिरकार तीन साल बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.