- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Jhansi
- Jhansi News | Youth Attempts Suicide Over Debt, Police Rescues Him
कर्ज से परेशान युवक ने किया सुसाइड का प्रयास:झांसी में सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, फंदे से उतारकर बचाई जान
- कॉपी लिंक

झांसी में 15 हजार रुपए के कर्ज से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
घर का मुख्य गेट बंद होने पर पुलिसकर्मियों ने छत की सीमेंट शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैथा खुर्द गांव की है। यहां रहने वाला 26 वर्षीय मुकेश रैकवार आर्थिक तंगी और कर्ज को लेकर परेशान था। सूचना मिलने पर डायल 112 में तैनात उपनिरीक्षक हरिराम सिंह, पुष्पेंद्र कुमार और भूपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे।
घर का गेट बंद होने पर पुलिसकर्मियों ने छत की सीमेंट शीट तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया। इसके बाद युवक को बचाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर पहुंचाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
15 हजार रुपए के कर्ज से था परेशान
मुकेश के भाई धर्मेंद्र रैकवार के मुताबिक, उसका भाई करीब 15 हजार रुपए के कर्ज को लेकर तनाव में था। रविवार शाम उसने अपनी मां गणेशी रैकवार से रुपए मांगे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण मां रकम का इंतजाम नहीं कर सकीं। इसके बाद मुकेश ने जान देने की कोशिश की।
दो साल की बेटी का पिता है मुकेश
मुकेश शादीशुदा है और उसकी दो साल की बेटी परी है। घटना के बाद परिवार के लोग परेशान हैं। समय पर सूचना मिलने और पुलिस की तत्परता से युवक को बचा लिया गया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।






















