कानपुर के चिड़ियाघर में जंगल सफारी एक बार फिर से दर्शकों के लिए 09 फरवरी से खुल रहा है। जहां पर दर्शक जंगली जानवरों के साथ प्राकृतिक जंगल का नजारा भी देख सकेंगे। यानी 4 किलोमीटर में फैले प्राकृतिक जंगल का रोमांच ले सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति के हिसाब से 100 रुपए और 12 वर्ष से कम आयु के दर्शकों को 50 रुपए शुल्क देना होना।
सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक खुलेगा
जंगल सफारी में फैमिली हॉलिडे के साथ कपल्स के लिए भी यह पूरी तरह से परफेक्ट है। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा। बता दें कि प्राणी उद्यान के अंदर ही करीब 32 हेक्टेयर में फैला जंगल करीब 12 वर्ष से बंद चल रहा था। इसमें दर्शकों के प्रवेश में रोक लगा दी गई थी। अब जू प्रशासन ने एक बार फिर से रेवेन्यू बढ़ाने के लिए जंगल सफारी को खोल दिया गया है।
जंगल करेगा आपका स्वागत
इस जंगल को करीब 50 वर्ष पहले तैयार किया गया था। जंगल के चारों तरफ झील किनारे रहने वाले रंग-बिरंगे विदेशी पक्षी और मगरमच्छ का नजारा भी देख सकेंगे। वाच टावर पर खड़े होकर जंगल का अद्भुत नजारा हैरान करेगा। जंगल में पेड़ों के बीच ही रास्ता बनाया गया है। जैसे-जैसे जंगल में घुसते जाएंगे जंगल आपका स्वागत करेगा। पूरे जंगल में पत्थरों का रास्ता बनाया गया है।
पैदल करनी होगी सैर
जंगल सफारी में चिड़ियाघर के बाड़ों से या बहार से कोई जानवर, झील से मगरमच्छ प्रवेश न कर पाए उसके लिए चारों तरफ लोहे की जाली करीब 10 फीट ऊंची लगाई है। दर्शकों पर निगरानी रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर करीब 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अलग से गार्ड भी तैनात रहेंगे। दर्शकों को पैदल ही जंगल की सैर करनी होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.