यात्री लोड बढ़ने के बाद रेगुलर होंगी फ्लाइट:इंडिगो की मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट हफ्ते में सिर्फ 3 दिन भर रही उड़ान

कानपुरएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चकेरी एयरपोर्ट से इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट हफ्ते में सिर्फ तीन दिन - Dainik Bhaskar
चकेरी एयरपोर्ट से इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट हफ्ते में सिर्फ तीन दिन

इंडिगो की मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन उड़ाने के फैसले को अब कंपनी ने 28 फरवरी तक बढ़ाने का फैसला लिया है। पहले यह फैसला सिर्फ 15 फरवरी तक लागू था। मौसम की मार और यात्रियों के लोड से जूझ रही विमानन कंपनी इंडिगो के एक अधिकारी ने बताया, पिछले डेढ़ महीने से दोनों फ्लाइट्स मौसम की वजह से आये दिन रद्द हो रही थी, जिससे कंपनी को काफी नुकसान हो रहा था और यात्री भी परेशान हो रहे थे। इसके बाद भी हम लोगों ने फ्लाइट्स को रेगुलर रखा। अब यात्रियों का लोड भी मिलना मुश्किल हो गया है। यहां का लोड लखनऊ शिफ्ट हो गया है।

नवंबर से शुरू हुई थी फ्लाइट
इंडिगो ने पिछले साल 1 नवंबर से बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद के लिए रोजाना फ्लाइट शुरू की थी, लेकिन एक दिसंबर से हैदराबाद की फ्लाइट निरस्त कर दी गई। कंपनी के अनुसार तकनीकी और अन्य सुविधाओं के ना होने की वजह से यह फ्लाइट कैंसिल की गई है। इंडिगो के अधिकारी ने बताया की एयरपोर्ट पर सुविधाओं की कमी को देखते हुए इस फ्लाइट को कैंसिल किया गया था। हैदराबाद की फ्लाइट में 80 से 90 फीसदी लोड मिल रहा था उसके बाद भी इसे हमको रद्द करना पड़ा।

85 प्रतिशत लोड, लेकिन फिर भी फ्लाइट कैंसिल
संसाधनों की कमी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता हैं कि विमानन कंपनी को भरपूर यात्री लोड के बावजूद हैदराबाद की फ्लाइट को निरस्त करना पड़ा। दिसंबर से एक फ्लाइट कम होने के बाद चकेरी हवाई अड्डे से सिर्फ चार फ्लाइट ही उड़ान भरती थी लेकिन यात्रियों के लोड के कारण अब यह भी बंद होने की कगार पर है। वर्तमान में चकेरी एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट है, वहीँ इंडिगो की बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट है।

क्या रहेगा इंडिगो की फ्लाइट्स का शेड्यूल
कंपनी के मुताबिक इंडिगो की मुंबई फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार, और शनिवार को कानपुर आएगी, वहीं सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को बेंगलुरु फ्लाइट चाकरी हवाई अड्डे आकर जाएगी। यह शेड्यूल 28 फरवरी तक ऐसा ही चलेगा।

स्पाइसजेट की फ्लाइट्स का शेड्यूल
स्पाइसजेट ने पहले ही अपनी मुंबई की फ्लाइट को निरस्त कर दिया है जबकि उनकी दिल्ली फ्लाइट नियमित उड़ान भर रही है। स्पाइसजेट का यह शेड्यूल15 फरवरी तक इस तरह प्रभावी रहेगा।

खबरें और भी हैं...