कानपुर में सोमवार को भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की ओर से किए गए अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया। वार्ड 91 शास्त्री नगर के ब्लाक संख्या 141 से146 ब्लाक के निवासियों ने सर्विस लेन में हुये अतिक्रमण के कारण सफाई न होने आक्रोशित होकर क्षेत्रीय भाजपा पार्षद राघवेन्द्र मिश्र का घेराव किया। जिसके बाद वे सभी श्रम विभाग का घेराव करने पहुंच गए।
पूरी गली पर किया कब्जा
भाजपा पार्षद ने बताया कि दर्जनों लोग मेरे घर का घेराव करने आए थे। सभी को लेकर श्रमायुक्त कार्यालय में अपर श्रमायुक्त गृह अंजू लता से मिलने पहुंचा। उनको पूरी बात की जानकारी दी है। बताया कि बात पार्टी की नहीं है। भाजपा के संजय विश्वकर्मा जो पिछड़ा वर्ग मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं। आरोप है कि उनके द्वारा जो अवैध निर्माण किया गया है, उससे दर्जनों घरों की सर्विस लेन पूरी तरह बंद हो गई है।
श्रम विभाग ने बंद कराया ताला
पार्षद ने बताया कि दर्जनों लोगों के साथ प्रदर्शन करने पहुंचे तो श्रमायुक्त कार्यालय को जानकारी होने पर कार्यालय पर ताला डालकर जनता को अंदर आने से रोक दिया गया। वहीं कुछ महिलाएं लिफ्ट से ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़ी तो लिफ्ट का कनेक्शन बंद कर दिया गया। इससे कुछ लोग लिफ्ट में फंसे रहे। हंगामा करने के बाद लिफ्ट चालू की गई।
अपर श्रमायुक्त को सौंपा ज्ञापन
बड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने अपर श्रमायुक्त के सामने अपनी बात रखी। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम को एनओसी दी जाएगी, इसके बाद नगर निगम अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई कर सकता है।
ज्ञापन देने वालों में अरविंद सिंह, राम नरेश, ऊषा श्रीवास्तव, कृष्णा देवी, विजय चौरसिया, अजय चौरसिया, मीना शुक्ला,अल्का मिश्रा, गीता देवी, जगदीश चन्द्र,विनोद श्रीवास्तव,शरद मिश्रा,राम सुरेश सिंह, छोटे लाल, नीरज अवस्थी, हरशरण सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.