कानपुर में सोमवार की रात बजरंग दल का छात्र प्रमुख प्रिंस श्रीवास्तव उर्फ प्रिंस लाला को गिरफ्तार कर लिया। उस पर युवती का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। पीड़िता ने मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। गिरफ्तारी की सूचना पर प्रिंस के साथी भड़क उठे। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने काकादेव थाने का घेराव कर लिया। पुलिसवालों ने झड़प भी हुई।
छात्र प्रमुख को छोड़ने की मांग को लेकर घेराव करने के साथ ही जमकर हंगामा किया। हंगामा इतना बढ़ गया कि सर्किल फोर्स के साथ आरआरएफ लगानी पड़ी। तब मामला शांत हुआ।
नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो
विजय नगर निवासी एक युवती ने आरोप लगाया है कि पनकी रतनपुर की रहने वाली ऋतिका से उसकी दोस्ती थी। इसके चलते उसका ऋतिका के घर और उसके साथ हर जगह आना-जाना था। ऋतिका ने अपने ब्वॉयफ्रेंड प्रिंस श्रीवास्तव उर्फ प्रिंस लाला के साथ साजिश रची। प्रिंस ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
इसके बदले में ऋतिका और प्रिंस आए दिन रुपए की मांग करते हैं। विरोध करने पर सहेली ने जमकर पीटा भी था। इससे आजिज होकर उसने 6 अगस्त को काकादेव थाने में मारपीट, रंगदारी, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में सहेली और उसके प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
काकादेव पुलिस ने सोमवार रात को दबिश देकर प्रिंस लाला को गिरफ्तार कर लिया। प्रिंस मौजूदा समय में बजरंग दल में छात्र प्रमुख है। मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सैकड़ों पदाधिकारी काकादेव थाने पहुंच गए। प्रिंस को छोड़ने की मांग को लेकर काकादेव थाने का घेराव करने के साथ ही जमकर हंगामा काटा।
विवाद इतना बढ़ गया कि डीसीपी वेस्ट विजय ढुल, एसीपी स्वरूप नगर बृजनारायण सिंह और तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। फिर भी काबू नहीं हुआ, तो आरआरएफ लगानी पड़ी। तब जाकर हंगामा शांत हुआ। देर रात तक बजरंग दल के पदाधिकारी और पुलिस अफसरों के बीच पंचायत चलती रही। पुलिस ने हंगामा-बवाल को देखते हुए आरोपी प्रिंस को दूसरे थाने में गोपनीय ढंग से शिफ्ट कर दिया।
पुलिस से बजरंग दल के पदाधिकारियों की जमकर हुई नोकझोंक
काकादेव थाने के बाहर एसीपी स्वरूप नगर और काकादेव थाना प्रभारी से बजरंग दल के पदाधिकारियों की जमकर झड़प हुई। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने यहां तक धमकी दे डाली कि मंगलवार को मोहर्रम है। अगर आरोपी को नहीं छोड़ा, तो शहर का माहौल बिगड़ सकता है। इसके बाद भी पुलिस ने हंगामा करने और धमकी देने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
प्रिंस लाला पर दर्ज हैं पांच गंभीर मुकदमे
एसीपी स्वरूप नगर बृजनारायण ने बताया कि आरोपी प्रिंस लाला के खिलाफ गंभीर धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इससे पहले भी उसका पेट्रोल पंप पर मारपीट करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद भी उसकी हरकतें नहीं थम रही हैं। युवती ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.