लखीमपुर कांड की वजह से सोमवार को उठे सियासी भूचाल में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। बड़ा चौराहा पर कांग्रेस विधायक सुहैल अंसारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री का पुतला फूंका। पुलिस की कांग्रेसियों से नोकझोंक हुई। लेकिन, कांग्रेसी पुतला फूंकने में कामयाब हो गए। इस दौरान किसानों के हत्यारों को फांसी की मांग की।
प्रियंका गांधी को जल्द छोड़ा जाए
पुतला दहन कर विधायक ने मांग की कि प्रियंका गांधी वाड्रा को जल्द छोड़ा जाए। वहीं, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी को तत्काल बर्खास्त किया जाए। इस दौरान कांग्रेसियों ने नारेबाजी की और पुलिस के मनमाने रवैये पर भी सरकार को घेरा। कहा, लखीमपुर खीरी कांड न होता अगर सरकार किसानों की बात मान लेती। विधायक ने कहा, किसानों से मिलने पर मुख्यमंत्री को क्या परेशानी है।
कांग्रेस नेत्री को किया हाउस अरेस्ट
कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी जा रही कांग्रेस नेत्री पूजा भारद्वाज को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। नौबस्ता के भगवती पेट्रोल पंप के पास स्थित कांग्रेस नेत्री के ऑफिस से उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया गया। वहीं, कांग्रेस नगर अध्यक्ष शैलेंद्र दीक्षित समेत कानपुर व प्रदेश कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी लखीमपुर में प्रियंका गांधी के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.