निकाय चुनाव में ताकत दिखाने के लिए गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने प्रादेशिक 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत की। इस मौके पर बृजेंद्र स्वरूप पार्क में जनसभा की गई। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सब कुछ प्राइवेट सेक्टर में दे रहे हैं। अडाणी-अंबानी उनके रिश्तेदार लगते हैं। क्योंकि बिना रिश्ते के कोई किसी को कुछ देता नहीं है।''
वे अपने साले अडाणी को देश खरीद कर दे रहे हैं।
कहा- सबसे बड़ा हिस्सा साले को मिलता है
उन्होंने कहा, ''वैसे सबसे ज्यादा हिस्सा साले को मिलता है। बाकी के रिश्तेदारों को नहीं मिलता है। सबसे बड़ा हिस्सा सालों को मिलता है। लेकिन मुझे पता नहीं कि उनका क्या रिश्ता है। लेकिन जो देश को बेच रहे हैं। चाहे वो BHEL हो, एयरपोर्ट हो या रेलवे स्टेशन हों। जो भी सरकारी संस्थान थे, उनको बेचकर उन्हीं 2-4 लोगों को दिए जा रहे हैं।''
राहुल होंगे देश के प्रधानमंत्री
कांग्रेस ने इस देश में सरकार बनाई है। यूपी के लोगों की बड़ी जिम्मेदारी है कि लोकसभा में सबसे ज्यादा सांसद जीता कर दिल्ली भेजे। इस देश का वो सपना भी पूरा हो जाएगा कि राहुल गांधी इस देश के प्रधानमंत्री होंगे। इस देश की आजादी में तीन-तीन लोगों ने अपनी जान दी है।
जिनके पूर्वजों ने जान देकर इस देश को बनाया है, इसलिए उन्हें इसका मूल्य मालूम है। जहां सुई तक नहीं बनती थी वहां हवाई जहाज तक बनाकर दिया। राहुल गांधी को चिंता है कि देश हमारे हाथ से न चला जाए।
2024 में लोगों को झोला देकर भेज देना है
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 में लोगों ने कहा था कि मैं झोला टांग कर चला जाऊंगा। 2024 में ऐसी स्थितियां पैदा करनी हैं कि उनका ये कथन उनके लिए ही सच हो जाए। नतीजों के दिन वे रात में ही झोला उठाकर चल दें।
प्रदेश नेतृत्व सहयोग नहीं कर रहा है
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि यूपी में भारत जोड़ो यात्रा लाने के लिए मनाना पड़ा है। यात्रा के लिए उन्हें तमाम अनुरोध करने पड़े हैं। इसलिए करने पड़े हैं कि पिछले 32 सालों से प्रदेश नेतृत्व राष्ट्रीय नेतृत्व का सहयोग नहीं कर रहा है। यूपी में कांग्रेस को मजबूती देने के लिए प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई है।
हिमाचल से जीत की शुरुआत हुई है
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से जीत की शुरुआत हुई। गुजरात को लेकर नतीजे सभी को मालूम थे। निकाय और लोकसभा में बड़ी जीत दर्ज करने के लिए प्रदेश में निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने दूरियां बनाई थी। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक देश में कांग्रेस का ही होगा। अब बड़ी खुशियां मनाने का कांग्रेस के लिए वक्त आ गया है।
2 जनवरी को यूपी पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 1 या 2 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा गाजियाबाद से यूपी में आएगी। यूपी में करीब 138 किमी. यात्रा 5 दिनों तक चलेगी। उन्होंने ट्रेनों में भरकर यात्रा में शामिल होने का आवाहन किया। कहा कि राहुल गांधी के पैरों में फफोले मैंने देखे हैं। यात्रा चुनाव के लिए नहीं बल्कि इस देश के लिए है। कांग्रेस में पार्टी के प्रदेश सचिव विकास अवस्थी, भूधर नरायण मिश्रा, जेपी पाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दो महीने पहले यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे बृजलाल खाबरी
करीब 2 महीने पहले बृजलाल खाबरी को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। वह जालौन जिले में कोंच तहसील के एक छोटे से खाबरी नाम के गांव के रहने वाले हैं। खाबरी ने जालौन के डीएवी पीजी कालेज से पढ़ाई की थी। यहीं से खाबरी ने छात्र राजनीति की शुरुआत की। उन्होंने कई आंदोलनों के अगुवाई भी की। दो बार चुनाव लड़े, लेकिन कुछ वोटों से हार गए।
दलित मिशन’ के लिए छोड़ दिया घर बार
इलाके के लोग बताते हैं, "बसपा संस्थापक कांशीराम एक बार प्रशिक्षण देने उरई आए थे। कांशीराम के भाषण से प्रभावित होकर खाबरी ने घर-बार छोड़ दिया। 1999 के लोकसभा चुनाव में खाबरी जालौन से सांसद चुने गए। अगला चुनाव खाबरी हार गए, लेकिन कांशीराम ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया।
खाबरी ने गोरखपुर, आजमगढ़, इलाहाबाद, पश्चिम यूपी के कई जिलों में प्रभारी के बतौर काम किया है। कांग्रेस को खाबरी का सांगठनिक तजुर्बा और जातीय आधार दोनों ही मजबूत करेगा।
2016 में बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे
इससे पहले खाबरी को बिहार में कांग्रेस सह प्रभारी बनाया था। वह दलित सेल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। खाबरी 2016 में बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उनकी संगठन पर मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे बसपा में बुंदेलखंड क्षेत्र देखते थे। खाबरी की पत्नी उर्मिला पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रही हैं। वह प्रदेश के कई जिलों में एसडीएम और अपर आयुक्त के पद रह चुकी हैं।
विधानसभा चुनाव में खाबरी को मिली थी हार
खाबरी ने इस बार कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव ललितपुर जिले की महरौनी विधानसभा सीट से लड़ा था। वहीं उनकी पत्नी उर्मिला खाबरी भी कांग्रेस के टिकट पर उरई विधानसभा सीट से लड़ीं।
हालांकि, पति-पत्नी चुनाव जीतने में सफल नहीं रहे। जहां खाबरी को 4,334 वोट के साथ महरौनी सीट पर चौथे स्थान पर रहे। वहीं उनकी पत्नी 4,650 मत के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.