कानपुर में जीका वायरस अपने पैर पसार रहा है। पिछले 3 दिनों में 6 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। संक्रमण काबू करने के लिए अब सर्विलांस और जांच का दायरा 6 किमी तक बढ़ाया गया है। पहले 4 किमी की लिमिट थी। कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने सीएमओ को दायरा बढ़ाने के लिए कहा। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद सतीश महाना को कॉल करके जीका वायरस पर अपडेट मांगा था। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक बुलाकर सर्विलांस मजबूत करने के लिए कहा।
अभी और संक्रमितों के मिलने की आशंका
CMO के मुताबिक आने वाले समय में जीका संक्रमित और मरीज भी मिल सकते हैं। जीका संक्रमण का सोर्स भी अभी तक पता नहीं चला है। डेंगू, मलेरिया के सीजन में जीका नई चुनौती बनकर सामने आया है। इससे निपटने के लिए कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने CMO ऑफिस में डीएम, नगर आयुक्त के साथ बैठक की। नगर आयुक्त को एंटी लार्वा का छिड़काव, फागिंग और साफ-सफाई पर फोकस करने के लिए कहा। CMO को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया। कहा कि हर हाल में बीमारी काबू में आनी चाहिए।
एक हजार से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी पूरी
कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने सर्विलांस की जानकारी लेते हुए कहा कि जांच का दायरा बढ़ना चाहिए। डॉ. आरएन सिंह और डॉ. माधवी सोनकर ने एक हजार से अधिक लोगों की जांच पूरी करने की रिपोर्ट दी। श्यामनगर के पीएसी बटालियन में 242 घरों से 117 लोगों के सैंपल लिए गए। जीका वायरस का सबसे ज्यादा असर वाला शहर का हिस्सा कैबिनेट मंत्री सतीश महाना का घर सिर्फ 2 किमी की दूरी पर है।
आशा बहू की 75 टीमें कर रही लक्षणों की पहचान
घर-घर जाकर लक्षण वाले लोगों की पहचान करने के लिए आशा बहू की 75 टीमें बनाई गईं हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों की 15 टीमें बनाई गईं हैं। जो रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के यात्रियों की जांच करेंगी। अपर निदेशक डॉ. जीके मिश्रा ने बताया कि केरल और राजस्थान से आने वाले यात्रियों की लिस्ट तैयार की जा रही है।
कैंटोनमेंट और लालकुर्ती के कई मोहल्लों में अलर्ट
लालकुर्ती और कैंटोनमेंट के कई मोहल्लों में अलर्ट जारी कर दिया है। कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने कंपनी पुल के पास में कैथरिन अस्पताल परिसर के आसपास गंदगी के बारे में अधिकारियों को बताया। नगर निगम के अधिकारियों से सफाई कराने को कहा गया है। बैठक में CMO डॉ. नेपाल सिंह, डीएम विशाख और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.