कसया के पटहेरवा थाना क्षेत्र के मीर बिहार ग्रामसभा के खुद्दी टोला में मंगलवार की देर रात चोरी हुआ तीन दिन का बच्चा बुधवार 16 घंटे बाद मिला। वह फाजिलनगर के बघौचमोड़ पर दो महिलाओं के पास मिला। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया। पुलिस ने बच्चे के पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था।
मीर बिहार ग्रामसभा के खुदी टोला निवासी सलाउद्दीन के यहां बीते 24 अप्रैल को बच्चा पैदा हुआ था। बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात करीब एक बजे घर में नवजात के साथ उसकी मां सो रही थी, तभी कोई उसके बच्चे को लेकर भागने लगा। बच्चे की मां शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ी।
महिला का शोर सुनकर गांव के लोग भी उसके पीछे दौड़े। गांव के चंवर में खोजबीन हुई, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसी बीच चंवर में एक महिला का पर्स, चप्पल व मोबाइल गिरा मिला। बच्चे के अपहरण की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद गांव के लोगों ने लावारिस मिले सामान को पुलिस को सौंप दिया। शाम को लगभग सोलह घंटे की मेहनत के बाद पुलिस ने बघौचमोड़ से दो महिलाओं के पास उस बच्चे को ढूंढ लिया। बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
इस संबंध में पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश सिंह ने बताया कि नवजात बच्चे के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा के तहत केस दर्ज कर पुलिस उसे खोज रही थी। बच्चा बघौचमोड़ पर मिला है। बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.