सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कुशीनगर दौरे के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी की ‘विजय रथ यात्रा’ लेकर रवाना हो चुके हैं। सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा जगह-जगह उनका स्वागत किया जा रहा है। जिले के जोकवा बाजार, फाजिलनगर बाजार और तमकुहीराज विधानसभा में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
तमकुहीराज में लोगों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने जन समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और प्रदेश सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने मजदूरों, व्यापारियों और किसानों के साथ युवाओं, नौजवानों के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि साढ़े 4 साल में इन लोगों के सवालों पर योगी सरकार के पास कोई जबाब नहीं है। इन सभी को बाबा की सरकार ने बर्बाद कर दिया है। वहीं कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए भाजपा और कांग्रेस को एक जैसा बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस इलाके में गेंदा बाबू जी के जमाने में संघर्ष हुआ, किसान शहीद हुए। लेकिन आज भी किसानों के दर्द को समझने वाली सरकार नहीं बन पाई है। यह बाबा की सरकार किसानों को अपमानित करने वाली सरकार है। किसान जो हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। जिस समय कोरोना बीमारी आई तो बड़े-बड़े कारखाने बंद हो गए, क्योंकि मजदूर घर चला गया था। उस समय भी किसानों ने खेत में मेहनत की। किसान अगर खेत में काम नहीं करता तो न हमारे देश की अर्थव्यवस्था बचती और न ही लोगों का पेट भरता।
किसानों ने अपना हक मांगा तो गाड़ी चढ़ा दी
अखिलेश ने कहा कि किसानों के साथ योगी सरकार ने धोखा किया है। खाद की कीमत बढ़ा दी, डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ा दी। किसानों को आधुनिक करने की बात करके उनके लिए घाटे की खेती कर दी। यह सरकार किसान, लोक और संविधान विरोधी है। किसान अपनी मांग को लेकर आंदोलन कर रहा था तो उनके ऊपर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे ने गाड़ी चढ़ा दी। यह मुख्यमंत्री को नहीं दिखाई दे रहा है और जिस दिन किसान को वोट डालने का मौका मिलेगा, उस दिन किसान उसी जीप पर पराजय का झंडा लगाकर भाजपा का सफाया करने का काम करेगा।
गरीब अपनी बाइक में पेट्रोल नहीं डला पा रहा
मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हम लैपटॉप और मोबाइल फोन देंगे, लेकिन हमें बताए साढ़े 4 साल क्या कर रहे थे। भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है। यह वही लोग हैं, जो चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में चलाने की बात किया करते थे। आज डीजल-पेट्रोल की महंगाई से गरीब अपनी बाइक में तेल तक नहीं डला पा रहा है। बिजली का बिल जब आता है तो करंट लगता है। मुख्यमंत्री बिजली बनाना नहीं जानते हैं। हमने कई बार कहा कि जो समाजवादी सरकार में बिजली के कारखाने लगे थे, उससे बिजली बनाओ। पर क्या कहें वो भी नहीं कर पा रहे हैं।
बड़े फैसले नहीं ले पाई भाजपा सरकार
‘विजय रथ यात्रा’ पर सवार अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार में एयरपोर्ट, सड़क का निर्माण कराया गया। छात्रों को लैपटॉप दिया गया। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा हमने चालू की। प्रदेश में विकास योजनाओं को लागू किया गया। समाजवादी सरकार के इन्हीं कामों को देखकर जनता फिर से सपा की सरकार चाहती है। अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि योगी सरकार ने साढ़े 4 साल में कोई बड़ा फैसला लिया है।
नौरंग सिंह से मिलने जा सकते हैं अखिलेश
अखिलेश यादव आज शाम तक अहिरौली थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में जमीनी विवाद के बाद पुलिस उत्पीड़न का शिकार हुए बरडीहा गांव निवासी नौरंग सिंह के घर उनसे मिलने जा सकते हैं। मीडिया से बातचीत में नौरंग सिंह ने बताया कि वह पहले हिंदू युवा वाहिनी का कार्यकर्ता था। पुलिस उत्पीड़न की शिकायत को लेकर जब वह सीएम योगी से मिलने पहुंचा तो उनके द्वारा उसे दुत्कार दिया गया।
पुलिस ने फर्जी मुकदमे में फंसा कर उसे जेल भेज दिया। उसके साथ देने वाले गांव के लोगों को भी जेल भेज दिया गया। नौरंग सिंह ने बताया कि जमानत पर छूटने के बाद उसने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश ने उसकी पूरी बात सुनी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अखिलेश उससे मिलने आ रहे हैं। यह उसके लिए बड़ी खुशी की बात है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.