लखीमपुर खीरी में बड़ी बहन ने छोटी बहन की अपने 5 दोस्तों से गैंगरेप के बाद हत्या करवा दी। उसका शव बुधवार सुबह घर से 500 मीटर की दूरी पर एक खेत में मिला। छोटी बहन को बड़ी बहन के प्रेम प्रसंग का पता चल गया था। उसने इसकी शिकायत घरवालों से भी कर दी थी।
इसके बाद बड़ी बहन का घर से निकलना बंद हो गया था। उसका फोन भी ले लिया गया था। इस बात से बड़ी बहन बहुत नाराज थी। जिसके बाद उसने बहन को मारने का प्लान बनाया। पुलिस ने बहन, उसके प्रेमी और पांचों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है।
घूमने के बहाने खेत की तरफ ले गई थी बड़ी बहन
यह पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। आरोपी बड़ी बहन की उम्र 22 साल है। जबकि मरने वाली छोटी बहन की उम्र 16 साल थी। दोनों पढ़ाई कर रही थीं। घर में एक छोटा भाई भी है। पिता खेती किसानी करते हैं। मां गृहणी हैं।
मंगलवार को बड़ी बहन छोटी बहन के साथ शाम को घूमने के लिए निकली थी। उसने अपने प्रेमी और उसके 5 दोस्तों को पहले से ही खेत में बुला लिया था। जैसे ही दोनों बहनें खेत में पहुंची, आरोपियों ने छोटी बहन को पकड़ लिया। बारी-बारी से 5 लोगों ने उसका रेप किया। विरोध करने पर लड़की को पीटा भी गया। उधर, प्रेमी निगरानी कर रहा था। रेप के बाद आरोपियों ने लड़की का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के सामने डरने से खुला राज
घटना के बाद बड़ी बहन अपने घर चली आई। जब घर वालों ने उसे छोटी बहन के बारे में पूछा तो उसने कहा कि, मुझे नहीं पता। कुछ देर बाद घर वालों ने फिर से पूछा। जिस पर बड़ी बहन ने कहा, ''वो मेरे साथ बाहर गई थी, पर साथ नहीं लौटी।'' जिसके बाद घर वालों को शक हुआ। उन लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर बड़ी बहन ने सच बता दिया।
पुलिस ने मौके से छोटी के कपड़े बरामद किए
पुलिस परिवार के साथ मौके पर पहुंची। तलाश करने पर छोटी बहन का शव मिल गया। बड़ी बहन के बताए गए पते से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बड़ी बहन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से लड़की के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के कोनियन पुरवा गांव की है।
आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
मामले में एसपी संजीव सुमन ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर गैंग रेप और हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.