ललितपुर में खदान के मलबे में दबकर 2 युवकों की मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर घायल हो गए। बताया जा रहा है चारों युवक घर के लिए मिट्टी लेने खदान पर गए हुए थे। वो लोग खदान में मिट्टी खोद ही रहे थे, तभी ये हादसा हो गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं 2 का इलाज चल रहा है।
मामला जिले के थाना पूराकलां के गांव विजयपुरा का है। यहां शुक्रवार को एक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि घर के काम के लिए गांव के बाहर खदान में मिट्टी खोदते समय खदान धसने से 4 युवक मिट्टी में दब गए थे।
जिसमें दो युवक तो निकल आए थे, लेकिन दो युवक मलबे में ही दबे रहे। बाद में जेसीबी मशीन से उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिट्टी खोदने गए थे चारों
मामला थाना पूराकलां अन्तर्गत गांव विजयपुरा का है। यहां के निवासी 20 साल के नीरज पुत्र पूरन अपने भाई सोनू कुशवाहा (29), जीतू कुशवाहा पुत्र सुखराम (17) और बब्लू पुत्र मुन्ना के साथ शुक्रवार की दोपहर में साइकिल से गांव के बाहर स्थित एक खदान में मिट्टी खोदने गए हुए थे। दोपहर में वो लोग खदान में घुसकर मिट्टी खोद रहे थे। तभी अचानक खदान धसक गई और उसमें चारों दब गए।
जेसीबी मशीन को बुलाया गया
बाहर खड़े सोनू और बब्लू तो किसी तरह बाहर निकल आए लेकिन नीरज और जीतू मिट्टी के मलबे में दब गए। घायल सोनू और बब्लू ने इसकी सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी। पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे जीतू और नीरज को निकालने के लिए जेसीबी मशीन का सहारा लेना पड़ा। मशीन ने मलबा हटाया।
डॉक्टर ने दोनों को मृत बताया
जिसके बाद नीरज और जीतू कुशवाहा को बाहर निकाला गया। दोनों को उपचार के लिए अस्तपाल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थानाध्यक्ष पूराकलां रामबाबू तिवारी ने बताया, दीपावली के चलते घर के लिए मिट्टी खोदने के लिए चार युवक गए थे। जहां खदान धसकने से चारो दब गए। जिसमें नीरज और जीतू की मौत हो गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.