यूपी में कोई भी काम भाजपा सरकार में नहीं हुआ। चुनाव से पहले भाजपा कुछ भी कर सकती है। सपा के साथ गठबंधन करने वालों को सावधान रहना होगा। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कही। वह लखनऊ के गोमती नगर में सहयोगी दल जनवादी पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन करने आए थे।
सीएम योगी चुनाव लड़ने के सवाल पर बोले- बाबा जाने वाले हैं, अब उनकी क्या बात करना। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बेईमानी की। पैसे देकर पंचायत चुनाव में वोट खरीदने का काम किया। बैलेट वोटिंग व वोटिंग में ध्यान देना होगा।
अखिलेश यादव जिन्ना वाले बयान पर बोले कि, अभी भी कायम हूँ। जो कहा लोगों को इतिहास किताब में है। विरोध करने वालो को इतिहास पढ़नी चाहिए। इस पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पूछा इतिहास की किताब हिंदुस्तान या पाकिस्तान की पढ़े?
भाजपा बाबा साहब के सिद्धांत नहीं मान रही
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के सिद्धांत नहीं मान रही है। सरकार सब कुछ बेचना चाहती है। हमारी सरकार आएगी तो पृथ्वी राज चौहान की मूर्ति लगा कर सम्मान दिया जाएगा।
इंवेस्टमेंट नहीं आया, सिर्फ नदी किनारे सजा दिया गया
अखिलेश ने कहा डिफेंस एक्सपो लगा। तब इसी गोमती नदी को सजाया गया था। लेकिन इंवेस्टमेंट कहां गया, कितने लोगों को जॉब मिली, कितने कारखाने लगे? मेट्रो का एक स्टेशन भी यह सरकार नहीं बना पाई। सपा का ही काम किया है कि इटावा में जेल का उद्घाटन करने जा रहे हैं। सीएम जेल को जोड़ने की सड़क तक तो बना नहीं पाए।
यूपी में कानून व्यवस्था बहुत खराब
सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था बहुत खराब है। न्याय के लिए लोग आत्महत्या कर रहे हैं। सीएम आवास से न्याय नहीं मिल रहा। खबर अगर चैनलों में चल गई, तो सरकार दबाव बनाती है। सही खबरें न चलें, इसके लिए अधिकारी दबाव बनाते हैं। मानवाधिकारों की नोटिस के मामले में यूपी नंबर वन है।
उन्होंने कहा कि संजय सिंह चौहान की पार्टी जनवादी कार्यालय का उदघाटन का मौका मिला है। जनवादी पार्टी ने लगातार लोगों को जोड़ने का काम किया। सपा के साथ आकर इसने दलित और पिछड़े तबके को साथ लेकर चलने का काम किया। यूपी बड़ा प्रदेश है। जनगणना होने जा रही है।
आज महंगाई कहां पहुंच गई है। डीजल-पेट्रोल के दाम कम कर जनता को गुमराह किया गया है। सरकार को गैस के दाम नजर नहीं आ रहे हैं। पीएम ने विदेश में पर्यावरण सुधारने की बात कही है। लेकिन यूपी में भाजपा के लोग जमीन कब्जा कर रहे हैं और पेड़ कटवा रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.