यूपी में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद भाजपा ने 'घर-घर दस्तक' देना शुरू कर दिया है। लखनऊ में आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बालू अड्डा से अभियान का शुभारंभ किया। उधर विपक्ष ने भाजपा के घर-घर प्रचार को कोरोना फैलाने वाला बताया है। कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि भाजपा का यहा अभियान कोरोना फैलाओ अभियान साबित हो सकता है। सिंह ने आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि सोमवार 10 जनवरी को भाजपा के पार्टी कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक हुई जिसमें भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह शामिल हुए। इस बैठक के बाद ही राधा मोहन सिंह कोरोना पॉजिटिव हुए। इस बैठक में 24 लोग शामिल हुए लेकिन खुद को क्वारेंटाइन करने के बजाय वे अभी भी चुनाव प्रचार में लगे हुए है। सपा के सुनील सिंह यादव ने भी भाजपा के प्रचार अभियान से जनता की जान को खतरा बताया है।
1 लाख 74 हजार बूथों पर घर -घर जाएंगे भाजपा नेता
अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं व युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देंगे। कार्यकर्ता यह भी बताएंगे कि प्रदेश की योगी सरकार ने कैसे अपराधियों पर नकेल कसी, कैसे बेघरों को आवास मुहैया कराया, घर-घर बिजली पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए और कैसे यूपी को रोजगार प्रदेश बनाने के साथ ही किसानों के जीवन को खुशहाल बनाया है।
5 -5 व्यक्तियों का होगा समूह
मंगलवार 11 जनवरी को शुरू होने वाले भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य के 1,74,000 बूथों पर घर -घर जाएंगे। पांच -पांच व्यक्तियों का समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सघन संपर्क अभियान चलाएंगे। पार्टी द्वारा पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम बनाया गया है। संपर्क टोली लोगों को सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पंप्लेट 'पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास' भी देंगे।
3 श्रेणियों में कार्यकर्ता करेंगे प्रवास
इस अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गईं हैं। सभी टोलियों में चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत अधिकतम 5 कार्यकर्ता होंगे।
संपर्क के क्रम में सभी टोलियों के लोग कोविड व्यवहार का पालन करेंगे। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों से घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे लगाने का आग्रह करेगी। अभियान के तहत साढ़े तीन करोड़ लाभार्थियों से विशेष तौर पर संपर्क की योजना बनाई गई है।
403 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथ से होगा प्रचार
मकर संक्रांति के बाद सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथ भाजपा सरकार की योजनाओं और गरीब कल्याण की योजनाओं, कानून व्यवस्था में सुधार, गुंडाराज और माफिया राज की समाप्ति, महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों, गरीब, वंचित कल्याण की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे। सभी सांसद, विधायक, मंत्री, सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी इस जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.