आगामी विधान सभा चुनाव में अपने संकल्प पत्र के लिए भाजपा आज से ' यूपी नंबर 1 सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान की शुरुआत करने जा रही है। अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। पार्टी का दावा है कि इस बार यूपी में भाजपा का यह सबसे वृहद् संकल्प पत्र अभियान होगा।
इस अभियान के जरिए भाजपा उत्तर प्रदेश वासियों से उनकी अपेक्षाएं, आकांक्षाएं एवं सुझाव विभिन्न माध्यमों से एकत्रित करेगी। उन्हीं सुझावों के आधार इस बार का संकल्प-पत्र तैयार होगा।
सीएम योगी करेंगें अभियान का आगाज
लखनऊ के इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में 11:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का शुरुआत करेंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र कमिटी के अध्यक्ष सुरेश खन्ना और संकल्प पत्र कमिटी के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।
आम जनता के सुझावों पर बनता है भाजपा का संकल्प-पत्र
2017 के चुनाव में भी भाजपा द्वारा जनता के सुझावों पर ही संकल्प पत्र बनाया था। पार्टी का दावा है कि संकल्प पत्र के वादों के आधार पर चुनाव में गए थे जिनका अनुपालन हमने सुनिश्चित किया। हमने जो कहा उसे किया है। इसी आधार पर इस बार 2022 के विधानसभा चुनावों में हम जनता के सुझावों को संकल्प पत्र का हिस्सा बनाएंगे और डबल इंजन की सरकार के जरिये उत्तर प्रदेश को सुशासन और विकास के सभी पैमानों में नंबर 1 बनाने के लिए गए संकल्प को पूरा करेंगे।
हर विधानसभा में जाएगी आकांक्षा पेटी
आकांक्षा पेटी के जरिए समाज के सभी वर्गों से उनके सुझाव लेने के लिए विधानसभा स्तर तक आकांक्षा पेटी जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी प्रमुख महानगरों में संकल्प पत्र समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक व व्यवसायिक वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उनके सुझाव एकत्रित किए जाएँगे। वेबसाइट, ई-मेल एवं मिस्ड कॉल के माध्यम से भी लोगों का सुझाव मांगा जायेगा। इसी के आधार पर पार्टी 2022 के लिए अपना संकल्प पत्र बनाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.