यूपी में पहली बार इस बार 15.02 करोड़ वोटर्स विधानसभा चुनाव में वोट डालेंगे। इसमें 8.04 करोड़ पुरुष और 6.98 करोड़ महिला मतदाता हैं। इसके अलावा, वोटर लिस्ट से 52.80 लाख नाम जोड़े गए हैं, जबकि 21.40 लाख नाम काटे गए हैं। वहीं, खास बात यह है कि यूपी में 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या भी 39598 है। बुधवार को चुनाव अयोग ने नई मतदाता सूची और नियमवाली जारी कर दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में कुल 15.02 करोड़ वोटर्स में से युवाओं (18 से 30 वर्ष) की संख्या 3.89 करोड़ है। प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या भी 24.03 लाख है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यूपी में एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने और जिनकी मृत्यु हो गई है उनके नाम हटाने के लिए मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया था। आयोग को 74 लाख के करीब आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 52.80 लाख नाम जोड़े गए हैं, जबकि 21.40 लाख नाम काटे गए हैं। 18 और 19 वर्ष की आयु के 19.79 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के 8,853 मतदाता भी वोट डालेंगे।
100 से ज्यादा उम्र के 39 हजार वोटर्स, महिला वोटर्स बढ़ीं
प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या भी 24.03 लाख है। वहीं, 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 39 हजार से अधिक है। वहीं, प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या इस बार बढ़ी है। वर्तमान में एक हजार पुरुषों की तुलना में 868 महिलाएं हैं। वर्ष 2012 में एक हजार पुरुषों पर मात्र 816 ही महिलाएं थीं।
दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10.64 लाख से अधिक
प्रदेश में कुल दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10.64 लाख के करीब है। इस विधानसभा चुनाव में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांगों को घर बैठे पोस्टल मतदान की सुविधा दी जा रही है।
बूथों की संख्या 1.74 लाख हुई
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण 1,500 मतदाताओं के बजाय 1,200 मतदाताओं पर एक पोलिंग बूथ बनाया गया है। इस बार कुल बूथों की संख्या एक लाख 74 हजार 351 है। पहले बूथों की संख्या एक लाख 64 हजार 472 थी। वहीं, पोलिंग स्टेशन की संख्या भी 91 हजार 572 से बढ़कर 92 हजार 821 हो गई है।
यूपी में यूं बढ़े वोटर्स
साल | वोटर्स |
2017 | 14.12 करोड़ |
2019 | 4.40 करोड़ |
2021 | 14.66 करोड़ |
2022 | 15.02 करोड़ |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.