कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को लखनऊ में महिलाओं के लिए अलग मेनिफेस्टो (घोषणा पत्र) जारी किया। देश के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका था, जब किसी पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग मेनिफेस्टो जारी किए। प्रियंका ने पार्टी मेनिफेस्टो को शक्ति विधान नाम दिया। प्रियंका ने कहा कि 10वीं और 12वीं की छात्रा को स्मार्टफोन, ग्रेजुएट को स्कूटी, साल में तीन LPG सिलेंडर, बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
प्रियंका ने कहा कि भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि 7 साल से वह सरकार में है। यह 60 साल की रट एक समय तक चलती है। प्रियंका ने मंदिर जाने के एक सवाल के जवाब में CM योगी पर निशाना साधा। कहा कि क्या योगी मुझे अपने धर्म का सर्टिफिकेट देंगे।
प्रियंका के मेनिफेस्टो की 20 बड़ी बातें
प्रियंका ने महिलाओं के गिनाए गुण
प्रियंका ने कहा कि महिलाओं की इस राजनीतिक शक्ति से ही उत्तर प्रदेश का भविष्य बदलेगा। महिलाएं अब अन्याय सहने को तैयार नहीं हैं। इसलिए हमने महिला घोषणापत्र बनाया है। इसके छह हिस्से हैं- स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत। इस मौके पर मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं थीम सांग रिलीज किया गया।
प्रियंका ने कहा कि यह घोषणापत्र दूसरे राजनीतिक दलों पर दबाव बनाएगा कि महिलाओं को राजनीति में गंभीरता से लिया जाए। महिलाओं के कई सहज गुण हैं। दया, करुणा, साहस, आशा उनके गुण हैं। यह गुण राजनीति में भी होना चाहिए। पहली महिला PM कांग्रेस ने दी। पहली बार कुछ सालों पहले वाइस प्रेसिडेंट अमेरिका में बनी हैं, जबकि हमने पहले कर दिया था।
UP में महिला वोटर सियासी तौर पर अहम
UP में कुल 14.40 करोड़ मतदाता हैं। इसमें 7.79 करोड़ पुरुष और 6.61 करोड़ महिलाएं हैं। एक तरह से 45 फीसदी महिला वोटर हैं। कांग्रेस 2022 की चुनावी जंग फतेह करने के लिए किसानों के साथ महिलाओं को भी साधने की कोशिश में जुटी है।
वैसे भाजपा भी महिलाओं को अपना साइलेंट वोटर मानती है। केंद्र की मोदी सरकार की उज्ज्वला योजना, शौचालयों का निर्माण, पक्का घर, मुफ्त राशन, महिलाओं को आर्थिक मदद जैसी कई ऐसी योजनाएं हैं। इनका सीधा लाभ महिलाओं को होता है। मुद्रा योजना के तहत सर्वाधिक जोर अनुसूचित समाज की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर है। कहा जाता है कि बंगाल में भी ममता सरकार को बड़ी जीत दिलाने के पीछे भी महिलाओं का वोट बैंक ही था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.