उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि, रायबरेली कांग्रेस का गढ़ नहीं रहा। अब तो यह भाजपा का घर है और यहां के सभी नागरिक परिवार के सदस्य हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दूसरे दिन रविवार को डिप्टी सीएम रायबरेली पहुंचे थे। यहां उन्होंने बछरावां नगर पंचायत सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि, रायबरेली की जनता ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद जिताकर यह साबित कर दिया है कि, रायबरेली अब भाजपा का घर है। न की कांग्रेस का गढ़। बिना नाम लिए गांधी परिवार पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा कि, एक ही परिवार ने यहां पर कई दशकों तक प्रतिनिधित्व किया है, उसके बावजूद भी जिला विकास से दूर है। यहां की खस्ताहाल सड़कें, जर्जर बिजली व्यवस्था और दम तोड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था कांग्रेस के विकास की सच्चाई बयां कर रही है।
भाजपा सरकार में हुआ शहर का विकास
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि, चार साल से ज्यादा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने हो गए हैं। ऐसे में रायबरेली की जनता खुद इस बात की गवाह है कि, भाजपा सरकार में कितना विकास हुआ है। सरकार के कार्यकाल में भरपूर बिजली के साथ बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं।
जिला पंचायत में कांग्रेस-बसपा का नहीं खुला खाता
डिप्टी सीएम ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी जिले के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करती है। आने वाले समय में यहां की सभी विधानसभा सीटें तथा ब्लॉक प्रमुख की सीटें भाजपा की आप सभी के आशीर्वाद से होगी। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस और बसपा का पूरे प्रदेश में जिला पंचायत में खाता ना खुलना इसबात का संकेत है कि, अब प्रदेश के लोग सब कुछ जान चुके हैं।
नहीं होगी वैक्सीन की कमी
डिप्टी सीएम ने बछरावां ब्लाक में पौधा रोप कर वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। वही,सीएचसी बछरावां में कोरोना टीकाकरण अभियान का जायजा लिया। साथ ही आयुष्मान के लाभार्थियों को कार्ड वितरित किया। इस बीच डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि, कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी से लोगों को बचाना उन्हें उपचार एवं टीका लगाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह निभा रही है। उन्होंने कोरोना का टीका लगवाने की अपील के साथ वैक्सीन की कमी नहीं होने का आश्वासन दिया। साथ ही 6 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बन लोगों से एक पेड़ लगाने की अपील की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.