मौसम के तेवर एकदम से बदल गए। UP के कुछ शहरों में आज बारिश हुई। जबकि बुधवार को कई जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी यूपी के शहरों में ओले भी गिर सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 29 जनवरी तक ऐसा मौसम बना रहेगा।
2 दिन में बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 2 दिनों में बारिश की रफ्तार और इसका दायरा बढ़ सकता है। इसे लेकर चेतावनी जारी की गई है। बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं और आस-पास के इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बदली छाई रहेगी। गरज-चमक के साथ बूंदा-बांदी हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का तापमान 12 डिग्री तक हो सकता है।
सोमवार को राजधानी लखनऊ में कोहरे से राहत रही। सुबह के समय गुनगुनी धूप निकली और दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। यहां दिन का तापमान 23.8 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा था। लखनऊ में रविवार/सोमवार रात का तापमान 11.8 डिग्री रिकार्ड हुआ। जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। कानपुर, प्रयागराज, झांसी और आगरा में बूंदाबांदी हुई थी।
कानपुर में बारिश का यलो अलर्ट
कानपुर में मंगलवार सुबह से बादलों की आवाजाही जारी है। दिन का तापमान 16 डिग्री के आस-पास बना हुआ है। CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक आज भी बारिश के पूरे आसार बने हुए हैं। रविवार को 8 मिमी बारिश के बाद सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। 28 और 29 को भी गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस बीच गलन के साथ सर्दी बढ़ गई।
बीते 24 घंटे के मौसम के हाल ऐसे रहे कि दिन भर बादलों से घिरे रहे, शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 2 डिग्री की वृद्धि हुई। रात का पारा 9.4 डिग्री हो गया। उत्तर-पूर्वी हवाएं चलती रहीं। इससे नमी तो बढ़ी लेकिन बारिश नहीं हुई। हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। इस कारण सर्दी के साथ गलन बढ़ने का अहसास हुआ।
बरेली में सुबह से हल्की बारिश, सर्द हवाएं चली
बरेली में मंगलवार सुबह हल्की बारिश हो रही है। इससे सर्दी का एहसास भी बढ़ा है। सर्दियों में सीजन की ये पहली बारिश है। पिछले 15 दिन लगातार कोहरे के चलते आसमान में धुंध छाई हुई थी। बरेली में पिछले 50 दिन में पहली बार बरेली का अधिकतम तापमान 20 डिग्री पहुंचा। वहीं पिछले 5 दिन में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बरेली का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री रहा। वहीं, मंगलवार यानी आज हवा की स्पीड 6 किमी प्रति घंटा से चलने का पूर्व अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 25 जनवरी तक बरेली, आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश है।
अब आपको यूपी के सबसे गर्म और सबसे ठंडे रहे शहरों के बारे में भी बताते हैं...
चुर्क सबसे गर्म रहा, दिन में सबसे ज्यादा ठंड बांदा में पड़ी
इन सबके बीच सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश ने लोगों को भिगोया भी है। UP में न्यूनतम पारा ज्यादातर शहरों में 10 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। आंकड़ों में ऐसा भी कह सकते हैं कि ज्यादातर शहरों के तापमान में 7 डिग्री तक की वृद्धि तो वही न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
यूपी में सबसे गर्म 28 डिग्री तापमान के साथ चुर्क (सोनभद्र) में दर्ज हुआ। मुरादाबाद में दिन का तापमान 27.5 डिग्री रिकार्ड हुआ जो सामान्य से 8 डिग्री ऊपर था। इसके विपरीत बांदा में दिन के समय कड़ाके की ठंड पड़ी और अधिकतम पारा 16.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे था।
26 जनवरी को बारिश की आशंका कम हुई
ये भी पूर्वानुमान दिया गया है कि 26 जनवरी को बारिश की आशंका बहुत कम हो गई है। जबकि 25 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश के आसार हैं। 30 जनवरी को बारिश के आसार हैं और 31 जनवरी से 6 फरवरी तक चटख धूप निकलेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.