यूपी में कोरोना की तीसरी लहर तेजी से बढ़ रही है। यूपी में रविवार को 552 नए मामले सामने आए हैं। जबकि शनिवार को 383 पॉजिटिव केस मिले थे, जो एक दिन में करीब डेढ़ गुना हो गए। इसके बाद एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,725 हो गई है। सबसे ज्यादा केस गौतमबुद्ध नगर में मिले हैं। यहां एक ही दिन में 117 केस रिपोर्ट हुए हैं। गाजियाबाद में 93 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा लखनऊ में 80, मेरठ में 54, वाराणसी में 23 और आगरा में 28 केस आए हैं। इस बीच 37 लोग रिकवर भी हुए हैं।
9 करोड़ से ज्यादा सैंपल की जांच
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा व स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक एक दिन में 1 लाख 78 हजार 831 सैंपल की जांच की गई। जिसमें से 552 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब तक प्रदेश में 9 करोड़ 32 लाख 87 हजार 64 सैंपल की जांच हो चुकी है।
गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर कोरोना के हब बने
दिल्ली से जुड़े NCR के इलाके गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर कोरोना की तीसरी लहर के हब बनते जा रहे हैं। इन दो जिलों के अलावा मेरठ में 54 केस मिले हैं। रविवार को पीएम मोदी की यहां बड़ी रैली भी थी। वहीं लखनऊ में भी कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां 80 नए मामले आए हैं। एक्टिव केस की संख्या 278 हो गई है।
20 करोड़ के पार पहुंचा वैक्सीनेशन का आंकड़ा
राज्य में अब तक कोरोना वैक्सीनेशन की 20 करोड़ 23 लाख 57 हजार 840 डोज लगाई जा चुकी है। इनमें से 12 करोड़ 83 लाख 91 हजार 706 को पहली डोज और 7 करोड़ 39 लाख 66 हजार 134 को दोनों डोज लग चुकी है। 1 जनवरी को राज्य में 7 लाख 3 हजार 473 लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। 2 जनवरी को प्रदेश के 7 हजार 435 केंद्र पर वैक्सीनेशन की डोज लगाई जा रही है।
1 जनवरी से बच्चों के लिए वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो गई है। 3 जनवरी से प्रदेश में 15 साल से 18 साल के बच्चों के बीच को वैक्सीनेशन लगाई जाएगी। वहीं 10 जनवरी से बूस्टर दिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.