लखनऊ के होटल में लगी भीषण आग, एक की मौत:3 की हालत गंभीर, नासिक से शादी में शामिल होने आए थे ​​​​7 दोस्त​

लखनऊ6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
होटल के रेस्टोरेंट में आग इतनी तेज लगी कि किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला। - Dainik Bhaskar
होटल के रेस्टोरेंट में आग इतनी तेज लगी कि किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला।

लखनऊ में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। चारबाग के होटल रंगोली के बेसमेंट में बने बेस्ट बिरियानी रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में एक युवक की जलकर मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होटल में उस वक्त 7 लोग ठहरे थे। सभी नासिक से शादी में शामिल होने आए थे। घटना रात साढे 9 बजे की है। 11 बजे तक धुआं और लपटें दूर तक देखी गईं।

हादसे के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दमकल को बुलाया गया। करीब 2 घंटे के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया।
हादसे के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दमकल को बुलाया गया। करीब 2 घंटे के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया।

आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मी मौके पहुंचे। 2 घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि हादसा गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण हुआ। पुलिस-अग्निशमन की टीम मौके पर जांच कर रही है।

होटल में बिरयानी खाने आए लोग झुलस गए
ADCP मध्य राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि चारबाग स्थित कबीर होटल है। इसके एक पार्ट में रंगोली होटल भी बना है। रंगोली के बेसमेंट में बेस्ट बिरयानी के नाम से रेस्टोरेंट है। जिसमें अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आग पर काबू पाने के लिए टीम लग गई। कबीर होटल में लगे उपकरणों से आग पर काबू पाने की स्टाफ ने कोशिश की। इसके साथ ही दमकल को सूचना दी गई।

ADCP ने बताया कि हादसे में रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने आए लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां नासिक निवासी प्रकाश सुधाकर दात्रे (30) को मृत घोषित कर दिया। उनके साथी अनीस शेख उर्फ बादशाह समेत 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। उनका इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

CFO मंगेश कुमार ने बताया कि रेस्टोरेंट के ऊपर बने होटल के फायर उपकरण होने से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

होटल के बेसमेंट में बेस्ट बिरयानी के नाम से रेस्टोरेंट है। आग लगने के बाद होटल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन वो सफल नहीं हुए।
होटल के बेसमेंट में बेस्ट बिरयानी के नाम से रेस्टोरेंट है। आग लगने के बाद होटल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन वो सफल नहीं हुए।

शादी में शामिल होने आए थे सभी
ADCP के मुताबिक मृतक अपने 7 साथियों के साथ प्रतापगढ़ शादी में शामिल होने के लिए आया था। सभी गुरुवार को शादी से लौटने के बाद चारबाग के रंगोली होटल में रुके थे। इनसे से तीन लोग होटल में बने रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने चले गए। जबकि 4 साथी होटल में आराम कर रहे थे। सभी को शुक्रवार को ट्रेन से वापस लौटना था।

पड़ोसी रिसाव के लिए कर रहे थे शिकायत
पड़ोसियों ने बताया कि कई दिनों से गैस लीक होने की बदबू आ रही थी। ऐसे में पड़ोस में स्थित दुकानदार शिकायत करते थे, तो चुप करा देता था। कई लोगों ने हादसे की चेतावनी दी थी, लेकिन हर बार कुछ नहीं होने की बात कही। ADCP ने कहा कि सभी के बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

यह आग बुझने के बाद की फोटो है। रेस्टोरेंट का पुरा सामान जलकर राख हो गया।
यह आग बुझने के बाद की फोटो है। रेस्टोरेंट का पुरा सामान जलकर राख हो गया।

रेस्टोरेंट की एंट्री पर बना रखा था किचन
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेस्टोरेंट का किचन बाहर बना हुआ था। वहां आने वाले ग्राहक अंदर बैठ कर खाते थे। गैस सिलेंडर में आग लगी और गेट पर फैल गई। इससे दोनों बाहर नहीं भाग सके। आग बढ़ते ही उसकी चपेट में आ गए। किसी तरह खुद का बचाना चाहा, लेकिन बाहर नहीं निकल सके।

तीन महीने पहले होटल लेवाना में लगी थी आग, 4 की मौत हुई थी

लखनऊ में 3 महीने पहले सुबह 7 बजे होटल लेवाना की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। 24 लोगों को होटल से रेस्क्यू किया गया। करीब 9 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। हादसे के वक्त होटल में करीब 30 लोग मौजूद थे। इस अग्निकांड में मृतकों की शिनाख्त गुरनूर आनंद, साहिबा कौर, बॉबी उर्फ अमन गाजी ‌और सरविका सिंह के रूप में हुई थी। पढ़ें पूरी खबर...

अब आपको शहर में हुए भीषण अग्निकांड के बारे में बताते हैं...

  • 2 मई, 2022 : लाटूश रोड पर जानकीबाजार इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों और गोदाम में भीषण आग लगी। 8 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
  • 1 अप्रैल, 2022 : अमीनाबाद के गुईन रोड पर तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स में स्टेशनरी शाप और गोदाम में भीषण आग लगी थी।
  • 12 अप्रैल, 2022 : गोमतीनगर स्थित सेवी ग्रैंड होटल में भीषण आग। अग्निकांड में कर्मचारियों समेत करीब 100 लोग फंस गए थे। होटल बिना फायर NOC के चल रहा था।
  • 7 मार्च, 2022 : अमीनाबाद में पेंट की दुकान में भीषण आग।
  • 24 मार्च, 2021 : अमीनाबाद के गड़बड़झाला बाजार में प्लास्टिक के सामान की चार दुकानें जलीं।
  • 2 अप्रैल, 2021 : ऐशबाग में अवैध आरा मशीन में अग्निकांड के दौरान मजदूर की जिंदा जलकर मौत।
  • 23 जनवरी, 2021 : आलमबाग पकरी का पुल के पास घर के बेसमेंट में चल रहे टेंट गोदाम में आग लगी। दो मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हुई।
  • 6 मार्च, 2021 : बीकेटी में बिंदेश्वरी कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत हुई और आधा दर्जन से अधिक घायल हुए।
  • 30 अप्रैल, 2019 : देर रात इंदिरानगर के तकरोही में घनी बस्ती में बने टीएन सिंह के मकान में संचालित गैस चूल्हा गोदाम में आग लगी थी। इसमें एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।
  • 4 अप्रैल, 2018 : हुसैनाबाद की फातिमा कालोनी में रिहायशी इलाके में स्थित एक गैस वेल्डिंग और लोहे की टंकी बनाने वाले कारखाने में गैस रिसाव से करीब सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
  • 19 जून, 2018 : चारबाग स्थित होटल विराट और एसएसजे इंटरनेशनल में हुए भीषण अग्निकांड में सात लोगों की जान चली गई थी।
  • 27 नवंबर, 2017 : ऐशबाग रोड हैदरगंज चौराहे के पास आबादी में हरियाणा कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लगी थी। तीन दिन बाद आग पर काबू पाया जा सका था।
  • 31 अक्टूबर, 2016 : अलीगंज रिहायशी इलाके में स्थिति साहू एजेंसीज के गोदाम में भीषण अग्निकांड हुआ था। दो दिन बाद दीवार को ध्वस्त करके आग पर काबू पाया जा सका था।
  • 11 मार्च, 2016 : अमीनाबाद की सबसे घनी बाजार मुमताज मार्केट में भीषण आग लग गई थी। तीन दिन बाद आग पर काबू पाया जा सका था। करीब 70 दुकानें जली थीं।