तेल कंपनियों ने शुक्रवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर 50 रुपए और महंगा कर दिया। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अब 14.20 किलो का गैस सिलेंडर 1037.50 रुपए में मिलेगा। अभी तक घरेलू सिलेंडर की कीमत 987.50 रुपए थी।
इसी तरह छोटा सिलेंडर (5 किग्रा) अब 380.50 रुपए में मिलेगा। अभी तक इसकी कीमत 362.50 रुपए थी। हालांकि तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
बता दें कि अभी 1 मई को ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े थे। उसके बाद से ही चर्चा चल रही थी कि घरेलू सिलेंडर के दाम भी बढ़ सकते हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद अब तक दो बार बढ़ चुके हैं दाम
यूपी समेत देश के पांच राज्यों में चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। अब तक गैस के दो बार दाम बढ़ चुके हैं। सबसे पहले 22 मार्च को घरेलू गैस का दाम 50 रुपए बढ़ा था।
उसके बाद 7 मई को फिर से 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। चुनाव रिजल्ट आने के बाद अब तक घरेलू गैस की कीमतों में 100 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज हो गई है। मालूम हो कि इससे पहले 6 मई तक यूपी में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए 987.5 रुपये चुकाने पड़ रहे थे।
5 महीने तक नहीं बढ़े थे दाम
विधानसभा चुनाव की वजह से अक्टूबर 2021 से लेकर 22 मार्च 2022 के बीच पांच महीने तक गैस के दाम नहीं बढ़ाए गए थे। लेकिन जैसे ही चुनाव के परिणाम आए। उसके बाद से ही गैस और पेट्रोल की कीमतें बढ़ना शुरू हो गई।
1 जुलाई 2021 से अब तक कामर्शियल सिलेंडर के दामों में 808 रुपए और घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों में 165 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
5 किलो गैस में 20 रुपए की बढ़ोतरी
14.20 किलो वाले सिलेंडर में जहां 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 5 किलो के सिलेंडर में 20 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर अब 380.50 रुपए में मिलेगा। इस पहले इसकी कीमत 362.50 रुपए थी।
वहीं 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2458 रुपए है। यहां बता दें कि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम में इस बार कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। अभी 1 मई को ही 100 रुपए दाम बढ़े थे। उससे पहले कमर्शियल सिलेंडर के लिए 2358 देने पड़ते थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.