• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Lucknow
  • In Uttar Pradesh Akhand Ramayana Organized On Durgashaptshati, Ram Navami Yogi Government's Instructions To The DMs Of All The Districts; Navdurga Should Be Worshiped During Ramnavami With Rituals

UP में रामनवमी पर रामचरितमानस का पाठ होगा:नवरात्रि में योगी सरकार दुर्गा सप्तशती का पाठ कराएगी, हर जिले को मिलेंगे 1-1 लाख रुपए

लखनऊ3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
यह तस्वीर सीएम योगी के पूजा-अर्चना करने की है।  फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar
यह तस्वीर सीएम योगी के पूजा-अर्चना करने की है। फाइल फोटो।

यूपी सरकार इस बार चैत्र नवरात्रि पर पूरे प्रदेश में विशेष पूजा-पाठ कराएगी। सरकार की ओर से नवरात्रि में दुर्गा सप्तशती का पाठ, देवी जागरण और भजन का आयोजन कराया जाएगा। झांकियां भी निकाली जाएंगी। रामनवमी पर श्री रामचरितमानस का पाठ कराया जाएगा। इसके लिए योगी सरकार सभी जिलों के DM को एक-एक लाख रुपए उपलब्ध कराएगी। इन कार्यक्रमों में महिलाएं और छात्राएं विशेष रूप से हिस्सा लेंगी।

गाए जाएंगे देवी गीत, झांकियां निकाली जाएंगी
प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश विश्राम की ओर से प्रदेश के सभी कमिश्नर और DM को इस संबंध में दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। चैत्र नवरात्रि 22 से 30 मार्च तक पड़ रहा है। 29 और 30 मार्च को अष्टमी और रामनवमी पर मंदिरों में श्री रामचरितमानस का पाठ होगा। मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा होगी। देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में दुर्गा सप्तशती का पाठ, देवी गायन, देवी जागरण, श्री रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जाएगा।

केशव बोले- यह श्रीराम की जन्मस्थली है, धार्मिक अनुष्ठान स्वागत योग्य

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान राम से जुड़ा कोई भी अगर धार्मिक अनुष्ठान यूपी में होता है तो वह स्वागत योग्य होना चाहिए। क्योंकि यह भगवान श्रीराम की जन्म स्थली है। जगत जननी मां विंध्यवासिनी जैसे शक्तिपीठों पर अगर जगत के कल्याण के लिए कोई धार्मिक अनुष्ठान हो रहा है तो यह भी स्वागत योग्य होना चाहिए। इसमें न किसी सवाल की जरूरत है और न किसी जवाब की।

रामचरितमानस पाठ को लेकर स्वामी प्रसाद ने भाजपा पर किया हमला

मैनपुरी में एक कार्यक्रम में पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य।
मैनपुरी में एक कार्यक्रम में पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य।

वहीं, मैनपुरी में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे सपा के महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस आयोजन को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। स्वामी ने कहा, ''सरकार इस समय रामचरितमानस का पाठ कराने को मजबूर है। जो रामचरितमानस का पाठ कराने का बात कर रहे हैं, वे इस देश की महिलाओं, आदिवासियों और दलितों, पिछड़ों के सम्मान के दुश्मन हैं। किसी भी पंथ निरपेक्ष व धर्म निरपेक्ष लोकतांत्रिक सरकार का एक धर्म विशेष को बढ़ावा देना संविधान के नियमों का उल्लंघन है।'' यहां पढ़ें पूरी खबर

मंदिर की डिटेल मांगी गई
सभी कमिश्नर और DM को 21 मार्च तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मंदिरों में कार्यक्रम होंगे उनके नाम-पता, मंदिर की तस्वीरें, मंदिर प्रबंधन की डिटेल साझा करने का निर्देश दिया गया है। इसको लेकर राज्य स्तर पर दो नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराएंगे। इसके लिए जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। इसे सोशल मीडिया पर भी प्रचारित किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने DM को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिले में चयनित देवी मंदिर और शक्तिपीठों में कार्यक्रम के लिए कलाकारों का चयन कर लें। नवरात्रि के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश आदि की बेहतर व्यवस्था करें। मंदिरों में जो भी कार्यक्रम होंगे, उनके फोटोग्राफ संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

कांग्रेस नेता बोले- सरकारी दफ्तरों में रोज रामायण का पाठ हो

कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दुर्गा सप्तशती, रामनवमी पाठ पर कहा, 'मैं इस फैसले का स्वागत करता हूं। सरकारी दफ्तरों में रोजाना रामायण का पाठ होना चाहिए। साथ ही विधानसभा, लोकसभा में भी भगवान श्रीराम की बड़ी मूर्ति लगानी चाहिए। तभी तो हिंदू राष्ट्र जैसा दिखेगा।'

राज्य के लिए सभी धर्म और फेस्टिवल बराबर होने चाहिए: अमीक जामेई
सपा प्रवक्ता अमीक जामेई ने कहा, 'CM योगी से समाजवादी पार्टी कहना चाहती है कि राज्य का कोई धर्म नहीं होता है। राज्य के लिए सभी धर्म, उसके फेस्टिवल बराबर होने चाहिए। उनको बराबर से ट्रीट किया जाना चाहिए, जो उत्तर प्रदेश में नहीं हो रहा है। आपने एक-एक लाख रुपए धार्मिक आयोजन के लिए जिलेवार जारी किए हैं। लेकिन, हम आपसे एक निवेदन और भी करना चाहते हैं। ये जो एक-एक लाख रुपए आपने दिया है, इसका इस्तेमाल पूरा-पूरा हो जाए। क्योंकि पिछले साल का बजट 50 फीसदी लेप्स हुआ। खर्च नही हुआ। जांच नहीं हुई। चलो मान लो वह हिंदू हैं, आपको हिंदू से मतलब है। दूसरी तरफ मुसलमान, ईसाई, और दूसरे समाज के लोगों के लिए आपका दूसरा नजरिया होगा, वह आप जानें। लेकिन, जब शिक्षा स्वास्थ्य आप की सरकार नहीं दे सकी, तो आपकी सरकार को क्या कहा जाना चाहिए। यह ध्यान बदलने के लिए जो आपने एक-एक लाख रुपए बांटे हैं। उत्तर प्रदेश के लोग आपकी नियत जानते हैं।'

खबरें और भी हैं...