लखनऊ में जन्मे सय्यद आब्दी इंग्लैंड के शहर सेंट एलबंस के डिप्टी मेयर बने हैं। 23 जून को आए रिजल्ट में वह एक साल यानी 2023 तक के लिए चुने गए हैं। लखनऊ में रहने वाले सय्यद आब्दी के भांजे फैजी ने बताया, ‘‘1980 में मामा इंग्लैंड चले गए थे। तब से वह और उनका परिवार वहीं पर रहता है। हर साल वह एक बार लखनऊ आते हैं।’’
मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं सय्यद आब्दी
फैजी ने बताया कि मामा का परिवार मूलतः जौनपुर जिले के बड़ा गांव का रहने वाला है। यह बात 1975 की होगी, जिसके बाद मामा के परिवार के लोग लखनऊ में आकर रहने लगे। मामा सय्यद आब्दी का जन्म 31 अक्टूबर, 1957 लखनऊ में हुआ। उनकी पढ़ाई लखनऊ से शुरू होकर अलीगढ़ और दिल्ली में पूरी हुई। उन्होंने विदेश जाने से पहले रसायन विज्ञान में अलीगढ़ यूनिवर्सिटी एमएससी की डिग्री हासिल की थी।
1980 में विदेश मंत्रालय में हुए थे तैनात
फैजी बताते हैं, ‘‘साल 1980 की बात है, जब मामा यूके गए। विदेश मंत्रालय में ट्रेजरी, और नंबर 10 डाउनिंग स्ट्रीट समेत विभिन्न सरकारी विभागों में तीन दशकों तक काम किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में एक असाइनमेंट सहित विभिन्न विदेशी पोस्ट पर काम किया है।’’
सय्यद आब्दी 30 से अधिक सालों से पार्क स्ट्रीट में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। गवर्नमेंट जॉब से रिटायर होने के बाद वह राजनीति में उतरे। इसके बाद वह 1990 में पार्षद (कॉरपोरेटर) बने थे। वह क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं और इंग्लैंड में क्रिकेट बोर्ड के सदस्य भी हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.