पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन का आज 5वां दिन है। राज्य में रहने वाले ज्यादातर लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, लेकिन शुक्रवार को हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब दिल्ली समेत दूसरे राज्य से आए मजदूर और कामगार यहां पहुंचे। लखनऊ के चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे पर हजारों की भीड़ पहुंच गई। यहां न यात्रियों की कोई मेडिकल जांच हुई, न ही उनका कोई रिकॉर्ड बनाया गया। जिला प्रशासन ने 200 से अधिक बसों का इंतजाम उनके गृह नगर जाने के लिए रवाना किया। इस बीच, उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के भीतर 14 नए मरीज सामने आए। अब तक प्रदेश में 73 संक्रमित पाए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि 3 दिनों में दूसरे राज्यों से एक लाख से ज्यादा लोग प्रदेश में आए। इन सभी लोगों के नाम, पता, फोन नंबर की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए। इन सभी को सर्विलांस पर रखते हुए इनका अनिवार्य क्वारैंटाइन कराया जाए। सीएम ने नोएडा में संक्रमण के केस बढ़ने पर स्वास्थ्य और स्वच्छता को मजबूत करने के निर्देश दिए। इधर, प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा- जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि जिला मुख्यालयों पर पहुंच रहे कामगारों के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। गांव पहुंचने पर इनकी सूची बनाई जाए और जिन्हें आइसोलेट या क्वारैंटाइन करने की जरूरत है, उन्हें किया जाए।
नोएडा: एक कंपनी पर केस दर्ज
गौतमबुद्धनगर (नोएडा-ग्रेटरनोएडा) में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 हो चुकी। शनिवार को यहां 9 नए केस सामने आए थे। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव ने सीज फायर कंपनी पर महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। आरोप है कि कंपनी में विदेश से आए व्यक्तियों के कारण जिले के विभिन्न सेक्टरों में संक्रमण फैला। इस कंपनी के 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। यह एफआईआर एक्सप्रेस-वे नोएडा थाने में दर्ज हुई।
झांसी: सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
झांसी में लॉकडान है। लेकिन, यहां सुबह सब्जी मंडी, राशन की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। लोग सड़कों पर बेवजह घूमते देखे जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस-प्रशासन इस तरह के लोगों को सबक सिखाने की बात कर रहा है।
वाराणसी: मंडी में आम लोगों के प्रवेश रोक
लाॅकडाउन में सख्ती के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। शनिवार रात को बस चलने की अफवाह के बाद अचानक भीड़ रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ पड़ी। मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट किया। रविवार को पूर्वांचल की सबसे बड़ी किराना मंडी विशेश्वरगंज में पुलिस ने आम जनता की प्रवेश पर रोक लगा दिया। शिवपुर के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव को सील कर दिया गया। परिवार वालों का सैंपल लेकर बीएचयू जांच को भेजा गया। वहीं, रोहनिया-मोहनसराय चौराहा स्थित हाईवे पर रविवार सुबह 9 बजे बिहार जा रहे पैदल मजदूरों को रोहनिया पुलिस द्वारा ट्रकों को रोक कर बिहार के लिए रवाना कराया गया।
आगरा: पीएम ने कोराेनाफाइटर से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देश से मुखातिब हुए। मन की बात कार्यक्रम का यह 63वां संस्करण था। इस दौरान पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले जूता कारोबारी से उनके अनुभव सुने। अशोक व उनके परिवार के छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। यह पहला मामला था, जब यूपी में कोरोना का केस पाया गया था। कारोबारी ने कहा- संक्रमण की पुष्टि के बाद डर लगा था, लेकिन अब परिवार के सभी सदस्य ठीक हैं। आगरा के अधिकारियों व कर्मियों के साथ सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों व अन्य स्टॉफ का भी आभारी हूं।
प्रयागराज: दिल्ली से छह दिन पैदल चलकर आए
सिर पर सामान की पोटली और हाथ से बच्चों और बुजुर्गों को थामे लोग अपने साथ अपनी मजबूरी को लेकर पैदल जा रहे हैं। रीवा मध्य प्रदेश के मऊगंज निवासी रामशिरोमणि, जवाहिर, झल्लू , पुरुषोत्तम, अपने-अपने परिवारों के साथ दिल्ली में पिछले दो साल से एक बिल्डर के पास मजदूरी कर रहे थे। बिल्डर ने काम बंद कर दिया, बकाया मजदूरी में से कुछ का भुगतान किया। बाकी के लिए कहा कि जब काम शुरू होगा तब देंगे। काम बंद होने से चारों परिवार छोटे-छोटे बच्चों और 5 महिलाओं के साथ पैदल ही घर के लिए निकल दिए। दिल्ली से यहां तक का सफर तय करने में इन्हें छह दिन लग गए। अभी रीवा तक जाने में और समय लगेगा।
13 शहरों तक फैला संक्रमण
22 दिनों में 73 संक्रमित व्यक्ति सामने आए हैं। शनिवार को 133 संदिग्धों को राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अब तक यूपी के 2283 संदिग्धों की जांच कराई जा चुकी है। इनमें 2171 जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 52 की रिपोर्ट आना बाकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक 14 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
शहर | संक्रमित मरीज |
नोएडा | 31 |
आगरा | 10 |
लखनऊ | 8 |
गाजियाबाद | 7 |
मेरठ | 5 |
पीलीभीत | 2 |
वाराणसी | 2 |
लखीमपुर खीरी, बागपत, मुरादाबाद, बरेली कानपुर, जौनपुर और शामली में एक-एक मरीज | 8 |
कुल | 73 |
मीटर रीडिंग का काम स्थगित
कोरोनावायरस महामारी के चलते उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने अप्रैल माह में मीटर रीडिंग का काम स्थगित कर दिया गया है। यह सभी बिल 3 माह के औसत उपभोग के आधार पर बनाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पंजीकृत हैं, उन्हें यह बिल एसएमएस के जरिए और जिनके ईमेल एड्रेस पंजीकृत हैं, उन्हें ईमेल से भेजे जाएंगे। पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक वाणिज्य एके श्रीवास्तव ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं।
पॉजिटिव- इस समय निवेश जैसे किसी आर्थिक गतिविधि में व्यस्तता रहेगी। लंबे समय से चली आ रही किसी चिंता से भी राहत मिलेगी। घर के बड़े बुजुर्गों का मार्गदर्शन आपके लिए बहुत ही फायदेमंद तथा सकून दायक रहेगा। ...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.