अयोध्या जिले में शनिवार की रात खेत में बने घर में सो रहे दंपती का शव मिला है। मामला थाना पूरा कलंदर क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर हरिवंश गांव का है। सुबह दामाद राशन पहुंचाने घर आया तो उसने दोनों को मृत पाया। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत से पहले दंपति ने हत्यारों से संघर्ष किया है। उनकी हत्या सिर पर किसी वजनी चीज से वार कर की गई है।
खेत में घर बनाकर रह रहे थे पति-पत्नी
हृदयराम (60 साल) ने पांच साल पहले गांव में बना अपना घेर बेच दिया था। इसके बाद वह पत्नी मालती देवी (55 साल) के साथ गांव के किनारे खेत में घर बनाकर रह रहा था l उनकी एक बेटी थी। जिसकी शादी हो चुकी है। दोनों बेहद गरीब थे। उनका खर्च दामाद राम सिंगार चलाता थाl दो महीने पहले हृदयराम ने आरा मशीन पर मजदूरी करना भी छोड़ दिया था। दामाद सुबह राशन पहुंचाने के लिए घर आया तो कोई बाहर नहीं निकला। इस पर उसे अनहोनी की आशंका हुई। वह घर के भीतर गया तो देखा कि दोनों औंधे मुंह पड़े थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसएसपी शैलेश पांडेय भी मौके पहुंच गए।
एसएसपी ने बताया कि किसी भारी चीज से सिर पर वार कर हत्या की गई है। मौत से पूर्व पति-पत्नी ने हत्यारों से संघर्ष भी किया। दोनों का शव अलग-अलग कमरों में मिला है। पति पत्नी की हत्या की वारदात को सुनकर स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। हत्या के कारणों को स्पष्ट नहीं किया जा सका हैl आईजी डॉ. संजीव गुप्ता भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैंl
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.