यूपी चुनाव में अब नेता भी लगातार कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। 2 दिन पहले लखनऊ में बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल भी पॉजिटिव हो गए हैं। सोशल मीडिया पर खुद उन्होंने इस बात की जानकारी दी है। केजरीवाल ने लिखा है कि जो भी लोग पिछले दिनों उनके संपर्क में आए हों, वो आइसोलेट हो जाएं और अपना टेस्ट करवाएं।
केजरीवाल ने लखनऊ के स्मृति उपवन में में करीब 15 हजार की भीड़ को संबोधित किया था। इसके अगले ही दिन अरविंद केजरीवाल कल अपनी पार्टी के प्रचार के लिए उत्तराखंड गए थे। देहरादून में CM अरविंद केजरीवाल ने ‘नवपरिवर्तन सभा’ को संबोधित किया था। इसके बाद देर शाम उन्होंने जांच करवाई और आज उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी पॉजिटिव हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय भी कोरोना पॉजिटिव
भारत सरकार के केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय सोमवार को गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी में इलाज के लिए भर्ती कराए गए हैं। डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को पिछले 2 से 3 दिनों से बुखार, सर्दी, खांसी, गला खराब और बाईं तरफ सीने में दर्द की शिकायत थी। अस्पताल में उनका कोविड-19 के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव आया। इसके तुरंत बाद उनका सैंपल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेज दिया गया और वो भी पॉजिटिव आया है।
प्रियंका गांधी ने भी किया खुद को आइसोलेट
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।सोमवार को ही उनके परिवार के एक सदस्य और उनके एक कर्मचारी का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि, प्रियंका गांधी का कोरोना टेस्ट निगेटिव है. उन्होंने ट्वीट कर स्वयं ही इसकी जानकारी दी थी।
23 दिसंबर को डिंपल यादव भी हुईं थीं संक्रमित
नेताओं और उनके परिवार में कोरोना के संक्रमण की पहली खबर 23 दिसंबर को आई थी, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर भी कोरोना पहुंचा था। अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज से पूर्व सांसद डिंपल यादव कोरोना संक्रमित पाई गई थी। उनकी बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी थी। इसके बाद डिंपल ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने भी जांच कराई थी। हालांकि, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.