लखनऊ में शिया वफ्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की किताब को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जवाद ने वसीम के खिलाफ चौक कोतवाली में तहरीर दी है। इस मामले में वसीम के खिलाफ पुराने लखनऊ के कई थानों में पहले भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शिया धर्म गुरु कल्बे जवाद दर्जनों समर्थकों के साथ चौक कोतवाली पहुँचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वसीम रिजवी ने इस्लाम के ग्रन्थ कुरान के साथ छेड़छाड़ करके नई किताब लिखी है। वसीम की यह किताब अश्लीलता से भरी हुई है। जिसमे पैगम्बर मोहम्मद साहब को विलासी और लुटेरा दर्शाया गया है। किताब के प्रकाशन से इसका इस्लाम, महिलाओं और बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। इस किताब से पूरी दुनिया के मुसलमानों में रोष है। गौरतलब है कि वसीम रिजवी ने मोहम्मद शीर्षक से किताब लिखी है। उनका दावा है कि कुरान में वर्णित उन आयतों को जो समाज मे द्वेष पैदा करने वाले थे और इतिहास में गलत तरीके से उन्हें लिखा गया उन्हें हटाकर नई आयतें जोड़कर उनकी पुस्तक लिखी गयी है। ADCP पश्चिमी चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि कल्बे जवाद की तहरीर पर जांच की जा रही है। इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमों को इसी केस में जोड़ लिया जाएगा।
वफ्फ की संपत्तियां हड़पने का गंभीर आरोप
मौलाना कल्बे जवाद ने चार पन्ने की तहरीर में वसीम रिजवी पर वफ्फ की संपत्तियां हड़पने का भी गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि कश्मीरी मोहल्ला निवासी वसीम पहले पार्षद बने। इसके बाद शिया वफ्फ बोर्ड के सदस्य बनाये गए। छल से वह बोर्ड के चेयरमैन बन गए और वफ्फ की संपत्तियां हड़पनी शुरू कर दी। चेयरमैन रहते हुए उन्होंने वफ्फ की करोड़ों की संपत्तियां बेच डाली। बहुत सारी प्रॉपर्टी अपनी परिजनों और रिश्तेदारों के नाम पर भी कर दी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.