उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में होने पर तीन महीने से कम समय है। ऐसे में राजनीति के अजब-गजब रंग दिखने शुरू हो गए हैं। एक ऐसी तस्वीर लखनऊ के GPO स्थित गांधी प्रतिमा स्थल की है। जहां अमेठी की गौरीगंज सीट से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह का आमरण अनशन चल रहा है।
उन्हें अन्न-जल त्यागे हुए 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है। राकेश सिंह ने दीपावली की रात भी यहीं गांधी प्रतिमा के नीचे बिताई। अनशन के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह विधायक ने स्थल की साफ-सफाई की और गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राकेश ने अपने क्षेत्र की दो सड़कें न बनवाए जाने से नाराज होकर 31 अक्टूबर को इस्तीफा दिया था। तब से उनका अनशन चल रहा है।
राकेश प्रताप सिंह ने अपने क्षेत्र में विकास कार्य न होने की बात कहकर इस्तीफा दे दिया था। हालांकि इस्तीफे की टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहें है। लोगों का कहना है कि अब चुनाव में महज कुछ महीने ही बचे है। ऐसे में विधायक के इस्तीफे और अब आमरण अनशन के मायने क्या है?
विधायक ने 31 अक्टूबर को दिया था इस्तीफा
अमेठी के गौरी गंज विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए राकेश प्रताप सिंह ने 31 अक्टूबर को विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। विधायक ने त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर दिया था। इसके बाद विधायक लखनऊ में GPO पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। विधायक अपने क्षेत्र की दो जर्जर सड़कों का पुर्ननिर्माण नहीं होने से नाराज हैं। विधायक ने इस संबंध में पिछले दो अक्तूबर को जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर अंतिम चेतावनी दी थी।
विधायक ने कहा था कि 31 अक्तूबर को सुबह 11 बजे तक दोनों सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया, लिहाजा इस्तीफा दे दिया और अब आमरण अनशन पर हैं।
इस्तीफे की राजनीति
सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह की इस्तीफे और आमरण अनशन को लेकर सियासी गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे पॉलिटिकल स्टंट करार दे रहें है तो कुछ इसे प्रेशर पॉलिटिक्स बता रहें है। समाजवादी पार्टी की राजनीति कर रहे कुछ नेताओं का कहना है कि लोकसभा 2019 के चुनाव में विधायक राकेश सिंह ने भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी की मदद की थी। इसी मामले पर अपनी पार्टी से उनकी दूरी भी बढ़ गई थी। राजनीति के जानकार कहते हैं कि भाजपा से टिकट कन्फर्म नही हुआ और अपनी पार्टी ने भी वेटिंग में डाल दिया, लिहाजा अपने अस्तित्व के लिए विधायक को यह कदम उठाना पड़ा है।
अखिलेश यादव के करीबी माने जाते है विधायक
सपा के टिकट पर 2012 के विधानसभा चुनाव में राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। 2012 में पहली बार विधायक चुने गए राकेश प्रताप की गिनती सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबियों में होती है। 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश के चाचा व तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नाम से नई पार्टी बना ली थी। विधानसभा चुनाव के दौरान राकेश प्रताप को समाजवादी पार्टी के अलावा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने भी टिकट दिया। हालांकि वे सपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीतकर दोबारा विधानसभा पहुंचे।
विधायक राकेश सिंह का राजनीतिक सफर
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.