कभी कोई 2G घोटाला हुआ ही नहीं था। यह बात खुद आरोप लगाने वाले विनोद राय ने कोर्ट में हलफनामा देकर स्वीकार की। इससे साफ है कि भाजपा ने सिर्फ चुनाव जीतने के लिए यह प्रोपोगंडा फैलाया था। यह बात एक दिन के दौरे पर लखनऊ आए राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने सोमवार को कही।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल पायलट ने कहा कि 1 लाख 76 हजार रुपए के घोटाले का जो आरोप कांग्रेस सरकार पर लगा था, वह झूठा था। पूर्व CAG (नियंत्रक व महालेखा परीक्षक) विनोद राय ने कोर्ट में हलफनामा दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि संजय निरुपम ने कभी नहीं कहा कि वह 2G स्पेक्ट्रम घोटाले मामले में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम शामिल न करें।
पायलट ने कहा कि इससे साफ हो गया है कि 2G स्पेक्ट्रम घोटाले के जरिए कांग्रेस सरकार और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ भ्रमजाल फैलाया गया था।
देश की जनता से माफी मांगे विनोद राय
पायलट ने कहा कि कोर्ट पहले ही 2G घोटाले को खारिज कर चुकी है। यह कहते हुए कि सरकार आरोप सिद्ध नहीं कर पाई। विनोद राय के झूठ पर मनमोहन सिंह की कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक इमारत खड़ी की गई। इस झूठ के लिए विनोद राय को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
घमंड की राजनीति लंबी नहीं चलती
उन्होंने कहा कि लोग महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं। इससे छुटकारा पाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा चुप है। प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं। घमंड की राजनीति बहुत लंबी नहीं चलती। यूपी सरकार और उसकी पुलिस कानून के दायरे से बाहर काम करने के आदी हो चुके हैं। यूपी में तख्तापलट होगा। ध्रुवीकरण की राजनीति की भी एक सीमा होती है। हमने पश्चिम बंगाल में इसे देखा है। कांग्रेस पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव लड़ेगी। आने वाला समय कांग्रेस का है।
बोले- भाजपा सरकार जाना तय
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने काले कानून के रूप में किसानों के सर पर तीन टीका लगा रखा है। अब किसानों की यह खिलाफत उन्हें भारी पड़ने वाली है। भाजपा सिर्फ तोड़ने की राजनीति कर रही है। भाजपा सरकार जाना तय है। प्रदेश में हुई दो रैलियों ने कांग्रेस की ताकत को दिखा दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.