- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Lucknow
- UP Congress MP Rakesh Rathore Controversy | Upset Over Party Incharge
यूपी में कांग्रेस सांसद की बगावत, बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं:5 महीने में किसी ने 5 मिनट भी नहीं दिया, खड़गे ने दिल्ली बुलाया
- कॉपी लिंक

संसद में परिसीमन बिल आने से पहले यूपी में सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने बगावती तेवर दिखाए हैं। उन्होंने यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उन्हें पार्टी में नजरअंदाज किया जा रहा है।
राठौर ने कहा, "संगठन सृजन के नाम पर एक व्यक्ति घूम रहे थे। उन्होंने कहा कि सांसदों को इससे बाहर रखा गया है। जब सांसदों को बाहर रखा गया है तो मैं भी बाहर हो गया। अगर पार्टी मुझे सिर्फ भीड़ का हिस्सा बनाना चाहती है तो मैं उसके लिए नहीं हूं। अपमान बर्दाश्त नहीं है।"
हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनका कांग्रेस छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। वह पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं, लेकिन सम्मान के साथ।

पीछे-पीछे क्यों चलूं और हां में हां क्यों मिलाऊं?
राठौर ने कहा कि यूपी में पार्टी के एजेंडे पर क्या काम हो रहा है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं यूपी में पिछड़े वर्ग का इकलौता सांसद हूं। पिछले 5 महीने से 200 से ज्यादा सीटों से शुरू हुई कवायद 26 सीटों तक पहुंच गई, लेकिन इस मुद्दे पर किसी ने मुझे 5 मिनट भी नहीं दिया। न किसी ने फोन किया और न मेरी राय मांगी। जब मुझसे किसी मुद्दे पर बात ही नहीं करनी है तो मैं आपके पीछे-पीछे क्यों चलूं और हां में हां क्यों मिलाऊं?"
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार वे किसी को पार्टी में शामिल कराने के लिए प्रदेश कार्यालय गए थे। वहां ऊपर के कमरे में कुछ लोग दावत कर रहे थे। उन्हें बुलाया गया तो वे कमरे में गए और फिर वापस लौट आए। उन्होंने कहा कि यूपी कांग्रेस में उन्हें बस यही एक घटना याद है।
बोले- कांग्रेस को 200 से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए थीं
यूपी चुनाव में कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर राठौर ने कहा कि पार्टी के बड़े नेताओं की यूपी में अच्छी पकड़ है। उन्हें जातियों और लोगों की गहरी समझ है। इसी आधार पर उन्होंने 181 मजबूत उम्मीदवारों को चुना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 181 नहीं, बल्कि 200 से ज्यादा सीटें मांगनी चाहिए थीं।

इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया, मुझे क्यों रोका?
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को लेकर राठौर ने कहा कि वे अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं, जिसकी आबादी करीब 19% है। उन्हें प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है तो राकेश राठौर को क्यों रोका गया? उन्होंने कहा कि वे पिछड़े वर्ग से आते हैं, जिसकी आबादी 52 से 56% के बीच है। आखिर उन्हें रोकने की वजह क्या थी और उनमें क्या कमी थी?
बोले- पुराने कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए थी
चुनाव से पहले कांग्रेस में नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर राठौर ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। जब यह फैसला हो ही गया है तो लंबे समय से काम कर रहे लोगों को भी अहम जिम्मेदारी दी जानी चाहिए थी। उनसे सलाह ली जानी चाहिए थी और यह भी बताया जाना चाहिए था कि उन्होंने अब तक पार्टी के लिए क्या काम किया है।
खरगे के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे
राठौर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की वजह भी पार्टी में अपनी अनदेखी को बताया। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि के तौर पर उनकी राय और भागीदारी को महत्व नहीं दिया जा रहा है।
राजेंद्र पाल गौतम बोले- बात करेंगे
राकेश राठौर की नाराजगी पर यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि उन्हें राठौर की नाराजगी की जानकारी नहीं है। अभी तक उनसे हमारी बात नहीं हुई है। हम उनसे बात कर लेंगे।"

खड़गे ने दिल्ली बुलाया
राकेश राठौर की नाराजगी सामने आने के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व डैमेज कंट्रोल में जुट गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया है। ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने भी उन्हें बुलाया है।
परिसीमन बिल केंद्रीय कैबिनेट से पास
लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव शुक्रवार को कैबिनेट ने मंजूर कर दिया। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी।
कई राज्यों में 50% के हिसाब से आधी सीट बढ़ रही है। ऐसे में अगला पूर्णांक गिना जा सकता है। तब बढ़ने वाली सीटें 281 होंगी और कुल सीटें 824 हो जाएंगी।
बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।

संसद के विशेष सत्र में बिल पास कराने की तैयारी
सरकार परिसीमन के बिल को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है। पढ़ें पूरी खबर…






















