उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक रेप पीड़िता की हत्या का मामला सामने आया है। यह वारदात रेप के आरोपी ने जेल से जमानत पर छूटने के बाद की। यानी जिस लड़की ने रेप की शिकायत की थी आरोपी ने जेल से छूटने के बाद उसे कुल्हाड़ी से काट डाला।
मामला महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव ककरहिया मजरे दौतरा का है। यहां एक 35 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रेप के मामले में जमानत पर जेल से छूटकर आए आरोपी ने पीड़िता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की है। फिलहाल कई घंटे के सर्च आपरेशन के बाद पुलिस ने हत्यारोपी रामखेलावन को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित महिला सोमवार देर रात अपने घर पर बाहर बैठी हुई थी। तभी रामखेलावन पुत्र चौहान कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और उसने पहले उसे गालियां दी फिर कुल्हाड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आवाज सुनते ही गांव के लोग दौड़कर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए सीएचसी लेकर गए जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
एकतरफा प्यार नहीं मानी तो किया था बलात्कार
हत्यारोपी रामखेलावन काफी दिनों से पीडि़ता से एक तरफा प्यार करता था। लड़की उसके प्यार को स्वीकार नहीं कर रही थी। इसलिए कुछ महीनों पहले उसने लड़की को धमकाकर बलात्कार किया था। पीड़िता ने रिपोर्ट लिखाई थी, पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा था। रामखेलावन करीब डेढ़ माह पूर्व जमानत पर छूट कर आया था, और अब उसने ये खौफनाक कदम उठा डाला। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने हत्यारोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.