यूपी में मौसम के उलटफेर का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। लखनऊ में सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई। तेज हवाएं चलीं। हालांकि, फिर धूप निकल आई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। एक्सपर्ट का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मौसम में बदलाव हुए हैं।
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें ज्यादातर पश्चिमी यूपी के हैं। मौसम विभाग ने यहां तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई हैं। प्रदेश में मार्च महीने में (24 मार्च तक) 20.03 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। शुक्रवार को झांसी 36 °C के साथ सबसे ज्यादा गर्म, तो कानपुर नगर 14 °C के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा है। लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.1 °C और अधिकतम 31.2 °C दर्ज किया गया।
गाजियाबाद समेत इन 13 शहरों के लिए जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, और अमरोहा के लिए अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। प्रदेश में कुछ पश्चिमी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
लखनऊ में बारिश की तस्वीरें...
रात में 4 शहरों में हुई बारिश
शुक्रवार देर रात बरेली, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर और आगरा समेत कई जगहों पर बारिश हुई। अगर शनिवार की बात की जाए तो लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम तापमान 33°C दर्ज किया जा सकता है। 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, गाजियाबाद में भी आज बादल छाए रहेंगे।
किसानों की बढ़ी परेशानी
मौसम के बदले रुख से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि खेतों में सरसों की फसल तैयार खड़ी है। तेज हवा के साथ बारिश व ओले गिरने से दलहन तथा तिलहन फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। वहीं गेहूं में बाली आ चुकी है। ऐसे में ओले पड़ने से इसे भी नुकसान पहुंच सकता है।
बरेली में देर रात बारिश, आज सुबह से धूप
बरेली में शुक्रवार देर रात में बारिश हुई। शनिवार को बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक, बरेली और आस-पास के जिलों में 12 MM बारिश की संभावना है। शहर का न्यूनतम तापमान 17 °C और अधिकतम तापमान 26.5 °C रहने का अनुमान है। 12 किमी मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि, शनिवार सुबह धूप निकली है।
झांसी में सुबह धूप निकली
झांसी में शनिवार सुबह मौसम साफ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 19.5 °C पहुंच गया। दो दिन से निकल रही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मार्च तक अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हल्के बादल भी छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। 8 से 13 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। आज का अधिकतम तापमान 35 °C और न्यूनतम तापमान 22°C के आसपास रह सकता है।
सहारनपुर में रात में बारिश, सुबह बादलों की आवाजाही
सहारनपुर में शुक्रवार की देर रात बारिश हुई। सुबह आसमान में बादल की आवाजाही लगा हुआ है। बारिश होने से शनिवार की सुबह अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम तापमान 13°C रहा रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं।
अयोध्या में धूप निकली
अयोध्या में शनिवार सुबह धूप निकली है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 16 °C रिकॉर्ड किया गया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र के अनुसार, आगामी 29 मार्च तक बादल छाए रहने की संभावना है। हवा सामान्य गति से चलेंगी।
आगरा में शनिवार सुबह धूप निकली है। शुक्रवार देर रात बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21 °C और अधिकतम तापमान 30 °C रिकॉर्ड किया गया। आज न्यूनतम तापमान19 °C और अधिकतम तापमान 30 °C रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 27 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे।
मेरठ में देर रात हुई बारिश
मेरठ में शुक्रवार देर रात बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए है। फिलहाल हल्की धूप निकली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज शहर में बारिश की संभावना है। आज का न्यूनतम तापमान 17 °C और अधिकतम तापमान 27 °C रहने का अनुमान है। 14 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
वाराणसी में शनिवार सुबह मौसम पूरी तरह से साफ है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 32 डिग्री दर्ज किया गया। वही, आज न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री रहने का अनुमान है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम आगामी कुछ दिनों तक इसी तरह बना रहेगा आसमान में हल्के फुल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। मौजूद समय में हवा की स्पीड समान्य हैं।
कानपुर में सुबह से निकली धूप, अगले दो दिन छाए रहेंगे बादल
चक्रवाती हवाओं के चलने से कानपुर में बारिश के आसार अब कम हो गए हैं। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ.एसएन पांडेय ने बताया कि भूमध्य सागर और अरब सागर से एक साथ चक्रवाती हवाएं उठीं थी। जिनकी रफ्तार मध्य यूपी तक आते-आते धीमी हो गई है। इसकी वजह से शहर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में अगले 27 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे।
तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई
इस बीच हल्के बादलों के साथ तेज धूप की वजह से दिन के तापमान तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम पारा 33 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि रात का तापमान एक 14.6 डिग्री रहा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.