उत्तर प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में शादी के अजीबो-गरीब मामले आए हैं। एक ओर जहां शाहजहांपुर में दूल्हे की तरफ से गहने पुराने मिलने की वजह से दुल्हन ने शादी की रस्में बीच में छोड़ बारात को वापस लौटा दिया। तो वहीं, दूसरी ओर सीतापुर में 11 हजार रुपए दहेज की फरमाईश पूरी न होने पर दूल्हे की शादी छोड़ वापस लौट गया। दोनों की मामलों में दुल्हा-दुल्हन पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गहने पुराने मिलने पर दुल्हन ने फेरे लेने से किया इंकार
सभी रस्में पूरी हो चुकी थी, फेरे लेने का वक्त करीब था। इस बीच दूल्हे की तरफ से मिले गहने पुराने होने की बात कहकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। मामला शाहजहांपुर का है। जहां बदायूं जिले के थाना कटरा क्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। जहां दूल्हे बड़ी धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा था। सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। खेत लगन, द्वारचार की रस्में हो चुकी थीं। बारातियों का खाना भी हो चुका था। फेरे पड़ने से पहले दूल्हे की तरफ से कपड़े और जेवर से भरा बैग दुल्हन के पास भेजा। दुल्हन और उसके परिवार को कपड़े पसंद आए। लेकिन, जब जेवर देखे तो दुल्हन को जेवर पुराने लगे। दुल्हन के साथ उसके परिवार यह बात नगवार लगी। इसके बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। बदनामी के डर से दूल्हे और उसके परिवार ने दुल्हन के सामने माफी मांगी लेकिन, दुल्हन नहीं मानी। काफी देर समझाने के बाद दूल्हे ने 112 डायल कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने भी दुल्हन को समझाने की कोशिश की, पर बात नहीं बनी।
एक्शन: दूल्हा पहुंचा कटरा थाने, दी तहरीर
इसके बाद दूल्हे ने कटरा थाने जाकर दुल्हन के खिलाफ तहरीर दी। दूल्हे ने पुलिस से दुल्हन व उसके परिवार पर कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि थाने में तहरीर दी गई है। बारात वापस करने को लेकर दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
नहीं मिले 11 हजार तो दूल्हा बैरंग लौटा
बारात आने के बाद दूल्हे ने 11 हजार रुपये दहेज की मांग की। दुल्हन की विधवा मां अपने दामाद की मांग पूरी नहीं कर सकी। जिससे नाराज होकर दूल्हा शादी का मंडप छोड़ा वापस लौट गया। मामला सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। जहां लखनऊ के मड़ियांव थानाक्षेत्र के अलीगंज पल्टन निवासी राहुल पुत्र मंगल की बारात पहुंची थी। तय कार्यक्रम के तहत कन्या पक्ष के लोग जनवासे में तिलक करने पहुंचे। तिलक समारोह में 11 हजार की नकदी दिए जाने की बात पर दूल्हा अड़ गया। दुल्हन की विधवा मां ने मांग पूरी करने में अपनी असमर्थता दिखाई। जिसके बाद दूल्हे ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसपर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि, बारातियों ने दुल्हन के भाई को पीट दिया। हाथों में मेंहदीं रचा कर पति के घर जाने की राह देख रही दुल्हन अपनी मां की बेबसी पर आंसू बहाती रह गई, लेकिन बारात में किसी को उसपर रहम नहीं आया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए। पूरी रात पुलिस समझौता कराने की कोशिश में लगी रही, लेकिन सुबह तक सुलह नहीं हुई।
एक्शन : दूल्हा पक्ष के तीन लोग हिरासत में
बारात लौटने के बाद दुल्हन के परिवार ने पुलिस को दूल्हा पक्ष के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दुल्हन की मां ने बातया कि 14 अप्रैल को वरीक्षा होने के बाद 15 अप्रैल को गोद भराई लखनऊ में हुई थी। तब भी दूल्हा पक्ष ने विवाद किया था। बात इतनी बढ़ी कि, मामला मड़ियावं थाने तक पहुंच गया था। इसके बाद पति ने दहेज रहित शादी करने की लिखित मंजूरी दी थी। इसपर कोतवाली प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लड़की पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.