उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार रात एक प्रधान प्रत्याशी के समर्थक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नरऊ गांव का है। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी पक्ष के प्रत्याशी और उसके मेमेरे भाई को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। इस वारदात के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वोट देने का बनाया दबाव
नरऊ गांव निवासी नन्हे गुरुवार की रात घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी उसके पास जितेंद्र और उसके साथी आ गए। आरोप है कि उन दोनों ने प्रधान प्रत्याशी सुखवीर यादव का समर्थन करने के लिए दबाव बनाया। जिसका नन्हे ने विरोध किया। इस दौरान कहासुनी के बीच मामला बढ़ गया। तभी जितेंद्र ने नन्हे पर चाकू से वार कर दिया। नन्हे ने बचने की कोशिश की लेकिन चाकू उसके पेट मे जाकर लगा। चाकू मारने के बाद जितेंद्र और उसके साथी मौके से फरार हो गए। परिजनों का आरोप है सूचना देने के बाद पुलिस करीब दो घंटे बाद गांव पहुंची।
चल रही विधिक कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की तहरीर मृतक के परिजनों ने दी है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय ने कहा कि दो लोगों को पकड़ा गया है। जांच की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.