यूपी में कोरोना अब डराने लगा है। गुरुवार को 24 घंटे में प्रदेश में 193 पॉजिटिव केस मिले हैं। सबसे ज्यादा केस गौतमबुद्ध नगर में मिले हैं। यहां 38 नए मरीज मिले हैं। वहीं, मेरठ में 27 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीसरे नंबर पर लखनऊ रहा। यहां 26 केस मिले हैं। इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जुलाई में इतने केस आए थे।
राज्य में कोरोना के सक्रिय केस बढ़कर 645 हो गए हैं। इससे पहले बुधवार को 118 नए केस मिले थे। लखनऊ के अलावा, महाराजगंज में 19, गाजियाबाद में 17 मामले सामने आए हैं। यूपी के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा और स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को 1 लाख 86 हजार 552 सैंपल की जांच की गई। इसमें 193 संक्रमित मिले हैं। वहीं, रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या महज 21 रही।
दिल्ली से जुड़े NCR के अलावा लखनऊ में कोरोना बेकाबू हो रहा है। बुधवार को भी यहां 25 मामले आए थे। लखनऊ एसीएमओ मिलिंद वर्धन के मुताबिक यहां के 5 CHC को रेड जोन में रखा गया है। अलीगंज, इंदिरा नगर, चिनहट, आलमबाग और सरोजनीनगर में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां लगातार कांट्रैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।
यूपी में मिला ओमिक्रॉन का पांचवां मरीज
दिसंबर के तीसरे सप्ताह में अफ्रीकी देश मालावी से लौटी महिला की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट गुरुवार सुबह आई। जांच में वह ओमिक्रॉन संक्रमित पाई गई। स्टेट कोविड नोडल अफसर डॉ विकासेन्दू अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली से आई जांच रिपोर्ट में महिला संक्रमित मिली। उसके संपर्क में आएं मरीजों के भी सैंपल लिए गए है।
इसी के साथ प्रदेश में ओमिक्रॉन संक्रमित मरीजों की संख्या पांच हो चुकी है। इससे पहले गाजियाबाद में दो, रायबरेली एक और सिद्धार्थनगर में एक-एक मरीज के ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। हालांकि, इन सभी की कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आने का दावा भी स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने किया था।
यूपी के प्रमुख शहरों में आज के कोरोना केस
शहर | पॉजिटिव केस | रिकवर हुए | एक्टिव केस |
लखनऊ | 26 | 10 | 109 |
गौतमबुद्ध नगर | 38 | 2 | 135 |
गाजियाबाद | 17 | 4 | 90 |
महाराजगंज | 19 | 00 | 22 |
मुरादाबाद | 7 | 00 | 19 |
मेरठ | 27 | 00 | 51 |
आगरा | 5 | 1 | 19 |
मथुरा | 1 | 00 | 18 |
मुजफ्फरनगर | 3 | 1 | 06 |
सहारनपुर | 5 | 00 | 14 |
प्रयागराज | 2 | 00 | 16 |
कानपुर | 4 | 00 | 12 |
प्रदेश में 19.97 करोड़ से ज्यादा को लग चुकी वैक्सीन
राज्य में अब तक 19 करोड़ 97 लाख 68 हजार 242 लोगों को डोज लग चुकी हैं। 12 करोड़ 73 लाख 46 हजार 985 लोगों को पहली डोज लगी। 7 करोड़ 24 लाख 21 हजार 257 को दोनों डोज लग चुकी हैं। बुधवार को प्रदेश में 11 लाख 79 हजार 155 लोगों को वैक्सीन लगी है। 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। वहीं, 10 जनवरी से प्रदेश में बूस्टर डोज भी लगनी शुरू हो जाएंगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.