उत्तर प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को प्रदेश में 11 हजार 159 नए मामले सामने आए हैं। सबसे ज्यादा लखनऊ में 1 हजार 818, गाजियाबाद में 537, गौतमबुद्ध नगर में 501, कानपुर नगर में 498 और मेरठ में 432 केस मिले हैं। इस दौरान 17 लोगों की मौत भी हुई है। मुरादाबाद में 3, आजमगढ़ और वाराणसी में 2 - 2 संक्रमितों ने जान गंवाई है। इसके अलावा लखनऊ, मेरठ, कानपुर नगर, झांसी, अमरोहा, जौनपुर, संभल, अयोध्या, मैनपुरी व मिर्जापुर में 1-1 कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ा है। वहीं कानपुर के हैलट अस्पताल में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला ने एक पॉजिटिव बच्चे को जन्म दिया है।
पहली जनवरी से अब तक प्रदेश में 158 कोरोना संक्रमितों की जान जा चुकी है। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 93 हजार 924 है। इस बीच 10 हजार 836 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। 24 घंटे में प्रदेश में 1 लाख 86 हजार 697 सैंपल की जांच हुई। राज्य में टेस्टिंग संख्या में गिरावट का असर सीधे तौर पर कोरोना के मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है। उधर, राज्य में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 25 करोड़ के पार पहुंच गया है। प्रदेश के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने बताया कि यूपी यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का पहला राज्य है।
कानपुर में जन्मा पहला कोरोना पॉजिटिव नवजात
कानपुर के हैलट अस्पताल में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला ने एक पॉजिटिव बच्चे को जन्म दिया है। ऐसा तीसरी लहर के दस्तक देने के बाद पहली बार हुआ है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि बच्चा पिछले मंगलवार को जन्मा था। तब इसकी मां कोरोना पॉजिटिव थी।
प्रयागराज के DM और अपर नगर आयुक्त संक्रमित
प्रयागराज के DM संजय कुमार खत्री भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सोमवार शाम उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वैसे उनमें कोई लक्षण नहीं हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। जिलाधिकारी के PRO ने इसकी पुष्टि की है। वह होम आइसोलेशन में रहेंगे। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त मुशीर अहमद भी संक्रमित हुए हैं।
आज से शुरू हुआ घर-घर अभियान
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा व स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कोविड लक्षण वाले लोगों को दवा की किट उपलब्ध करा रही हैं। 60 साल से अधिक आयु वाले जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है या 2 साल से कम की आयु के बच्चों, जिनका नियमित टीकाकरण छूट गया है। उनकी लिस्ट भी बनाई जा रही है। सूची तैयार करने का अभियान 29 जनवरी 2022 तक चलेगा।
25 करोड़ के पार पहुंचा वैक्सीनेशन का आंकड़ा
राज्य में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 25 करोड़ के पार पहुंच गया है। प्रदेश के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने बताया कि यूपी यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का पहला राज्य है। प्रदेश में 18 साल से ज्यादा उम्र के पहली डोज लेने वालों की संख्या 14 करोड़ 41 लाख 55 हजार 867 है। यह राज्य की जनसंख्या का करीब 97.78 फीसदी है।
वहीं 18 साल से ज्यादा दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 9 करोड़ 62 लाख 76 हजार 962 है। यह राज्य की जनसंख्या का 65.31 फीसदी है। इसके अलावा 15 से 18 साल के बीच के 79 लाख 74 हजार 745 से ज्यादा युवाओं को भी वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। रविवार को प्रदेश भर में एक दिन में 12 लाख 8 हजार 921 वैक्सीन की डोज लगाई गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.