UP-TET 2021 की परीक्षा रद्द होने के बाद योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, जयंत चौधरी और संजय सिंह जैसे नेताओं ने परीक्षाओं में भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार को घेरा है।
विपक्ष का आरोप है कि यूपी में नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने 70 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन, जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन हुआ है, सिर्फ और सिर्फ भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र आउट होते रहे, लीक होते रहे और परीक्षाएं रद्द होती हैं। आप नेता संजय सिंह ने कहा, 'आदित्यनाथ जी जिन्ना का पेपर 'हल' करने में व्यस्त हैं, इस बीच लाखों छात्रों के रोजगार से जुड़ी TET की परीक्षा का पेपर लीक हो गया'।
यही भाजपा की पहचान
कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने परीक्षा रद्द होने पर योगी सरकार पर तंज कसते हुए वीडियो शेयर किया है। प्रियंका गांधी ने कहा, 'भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। आज UPTET का पेपर आउट होने की वजह से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया। हर बार पेपर आउट होने पर योगी आदित्यनाथ की सरकार ने भ्रष्टाचार में शामिल बड़ी मछलियों को बचाया है, इसलिए भ्रष्टाचार चरम पर है'।
परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ठीक नहीं
बसपा प्रमुख मायावती ने भी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सपा सरकार में नकल आम बात होती थी, उसी प्रकार भाजपा सरकार में भी पेपर लीक होने से यूपी में शिक्षकों की भर्ती के लिए आज की यूपीटीईटी का रद्द हो जाना अति-गंभीर मामला है। करीब 21 लाख परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ उचित नहीं। सरकार इस प्रकरण की हाईलेवल जांच कराए। दोषियों को सख्त सजा दे और जल्द परीक्षा कराने का पुख्ता इंतजाम किया जाए।
अखिलेश ने कहा- BJP में पेपर लीक होना आम बात
अखिलेश यादव ने लिखा, 'UPTET 2021 की परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से रद्द होना लाखों बेरोजगार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। भाजपा सरकार में पेपर लीक होना, परीक्षा व परिणाम रद्द होना आम बात है। यूपी शैक्षिक भ्रष्टाचार के चरम पर है। बेरोजगारों का इंकलाब होगा और 2022 में बदलाव होगा।
जयंत चौधरी बोले- परीक्षार्थी के साथ ये भद्दा मजाक
राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा, आज होने वाली UP TET की परीक्षा रद्द कर दी गई है। मेहनत करने वाले लाखों परीक्षार्थी के साथ ये भद्दा मजाक है, यूपी के युवा इस पेपर लीक सरकार से तंग आ चुके हैं।
संजय सिंह बोले- आदित्यनाथजी जिन्ना का पेपर 'हल' करने में व्यस्त
यूपी प्रभारी व आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने UP TET परीक्षा का पेपर लीक होने पर तीखा तंज कसा है। संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, उत्तर प्रदेश के नौजवानों देखो आपके भविष्य के साथ कैसे खिलवाड़ किया जा रहा है। आदित्यनाथ जी जिन्ना का पेपर 'हल' करने में व्यस्त हैं, इस बीच लाखों छात्रों के रोजगार से जुड़ी TET की परीक्षा का पेपर लीक हो गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.