• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Lucknow
  • Upgovt Yogi.2 Completes One Year Of Government CM Counted The Achievements Of The Government In 10 Sectors; Claim To Be Successful In Law And Order, Employment

योगी सरकार 2.0 का एक साल पूरा:CM ने कहा- यूपी उपद्रवियों के लिए नहीं, उत्सवों के प्रदेश के रूप में जाना जाएगा

लखनऊ2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

यूपी में योगी 2.0 सरकार के शनिवार यानी 25 मार्च को एक साल पूरे हो गए। सिर्फ यही नहीं, 6 साल 6 दिन तक यूपी में सीएम की कुर्सी पर बैठने का रिकॉर्ड भी योगी आदित्यनाथ के नाम हुआ है। इस उपलक्ष्य में शनिवार को सीएम योगी ने लोकभवन में 45 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस दौरान उन्होंने कहा, "कानून पर जीरो टॉलरेंस ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। यूपी अब माफिया नहीं, महोत्सव का प्रदेश बन चुका है। उपद्रवियों नहीं, उत्सवों का प्रदेश बन चुका है। यहां गुंडाराज, माफियाराज, जंगलराज जैसे शब्द अतीत हो चुके हैं। जनता का आशीर्वाद डबल इंजन सरकार को मिला है। सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी।

कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में सबसे पहले विकास कार्यों पर बनी शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। सीएम ने 'नई उड़ान, नई पहचान' स्लोगन लिखा पोस्टर जारी किया। सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ताश के पत्ते की तरह अफसर फेंटे जाते थे। प्रशासन में स्थिरता नहीं थी। हमने प्रशासन को स्थिर किया। इसका लाभ जनता को मिला।

सीएम योगी ने 'नई उड़ान, नई पहचान' स्लोगन लिखा हुआ पोस्टर जारी किया।
सीएम योगी ने 'नई उड़ान, नई पहचान' स्लोगन लिखा हुआ पोस्टर जारी किया।

6 साल में 3 साल कोरोना...फिर भी नंबर-1
योगी ने कहा, "यूपी में परंपरागत, जाति-मजहब, परिवारवाद, भ्रष्टाचार जैसी समस्या थी। हमने शुरुआत में 10 सेक्टर चिह्नित किए। 6 साल में 3 साल तक कोरोना महामारी से प्रदेश जूझा। यूपी के लिए कहा जाता था कि यहां विकास नहीं हो सकता है। यहां कोई सोच नहीं है। आज वो प्रधानमंत्री की लिस्ट में नंबर-1 पर दौड़ रहा है।"

उन्होंने कहा,"ये वही उत्तर प्रदेश है, जहां को लेकर लोगों की धारणाएं थी कि यहां दंगा होता है। परिवारवाद है। यहां 6 साल में दंगा नहीं हुआ। यूपी में हमने इन्फ्रास्ट्रक्चर को डेवलप किया। सरकारी नौकरी में पारदर्शिता लाए। निजी क्षेत्र में जॉब की संभावनाएं बनाई। 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को 12 हजार रुपए सालाना पेंशन दी जा रही हैं। ये वही उत्तर प्रदेश है, जहां पिता को चिंता रहती थी कि बेटियों को कैसे पढ़ाएंगे? आज यहां बेटियों की पढ़ाई में आर्थिक मदद दी जा रही है।"

योगी ने कहा,"कहा जाता था कि यूपी में कानून व्यवस्था संभव नहीं है। हमने पुलिस की सुविधाओं को बढ़ाया। 1.64 लाख पुलिस भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। यूपी में सात पुलिस कमिश्नरेट बने हैं। हर रेंज पर फोरेंसिक लैब बनाई। STRF का गठन किया। ताकि, दैवीय आपदा के वक्त मदद पहुंचाई जा सके।"

सीएम के साथ मंच पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद थे।
सीएम के साथ मंच पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद थे।

2 साल में 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला पहला राज्य होगा
सीएम ने कहा, "यूपी में इंटरस्टेट कनेक्टिविटी को बेहतर किया। हर जिला मुख्यालय को लिंक रोड से जोड़ा गया। राज्य में कई फोरलेन बनाए गए। देश में सबसे ज्यादा 5 सिटी में मेट्रो चल रही हैं। 6वां शहर आगरा में दिसंबर तक चल जाएगी। रैपिड रेल के जरिए देश की राजधानी को जोड़ा जा रहा है। 2017 में 2 एयरपोर्ट थे, आज 9 हैं। 12 एयरपोर्ट पर काम कर रहे हैं। 5 को एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सहमति दे दी है। जल्द हम उनको जोड़ देंगे। 2 साल के अंदर 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला पहला राज्य यूपी होगा।"

सीएम ने कहा,"आज हम पूर्वी बंदरगाह से जुड़ते हुए वाराणसी से सबसे लंबा क्रूज चला रहे हैं। अपने प्रोडक्ट को वैश्विक बाजार तक पहुंचा पा रहे हैं। 6 वर्ष के अंदर लोगों की सोच बदली है। पहले लोग यूपी का नाम आते ही संशय में पड़ जाते थे।"

देश का पहला रोबोटिक प्लांट, डेटा सेंटर वाला यूपी

लोकभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लोकभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

उन्होंने कहा,"देश का सबसे बड़ा रोबोटिक प्लांट यूपी में बन रहा है। यहां सबसे बड़ा डेटा सेंटर तैयार हो रहा है। इलेक्ट्रिक व्हीकल का सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन भी यूपी में हो रहा है। दूसरे कार्यकाल में डबल इंजन सरकार तीन गुना रफ्तार से बढ़ी है। पीएम आवास योजना में 12 लाख लोगों को घर मिले। 1 लाख किमी सड़कें गड्‌ढा मुक्त हुईं। ईज ऑफ डुईंग में यूपी नंबर-2 पर हैं। हम यूपी में प्रत्येक व्यक्ति आय को डबल करने में सफल हुए हैं। प्रदेश के अंदर 17 लाख महिलाओं को पेंशन मिलती थी। वो भी सिर्फ 500 रुपए, उसको बढ़ाकर 31 लाख निराश्रित महिलाओं को दी जा रही है। वो भी डबल करके दे रहे हैं।"

बेरोजगारी दर 18% से घटकर 4% तक लाए
सीएम ने कहा,"बेरोजगारी की दर 2016 में 18% थी, आज वो 3 से 4% के बीच है। वहीं, जितना गन्ना मूल्य भुगतान 10 साल में हुआ उसका दोगुना 6 साल में किया। 2.02 लाख करोड़ का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ। 2017 से अब तक 345 लाख मीट्रिक टन खरीद हुई। 64 हजार करोड़ का भुगतान किसानों को हुआ। हम वन डिस्ट्रिक, वन मेडिकल कॉलेज की तरफ बढ़ चुके हैं। जल्द ही सभी 75 जिले में मेडिकल कॉलेज होगा। हर मंडल में एक यूनिवर्सिटी होगी। राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ में बन रहा है। सहारनपुर में भी स्टेट विश्वविद्यालय बना चुका है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी प्रयागराज में स्वीकृत की गई है।"

यूपी में बन रहे सबसे अधिक मोबाइल

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।

सीएम ने कहा, "यूपी न्यू एज हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में सबसे बड़ा केंद्र बना है। देश में सबसे ज्यादा मोबाइल फोन यूपी में बन रहे हैं। सबसे ज्यादा ई व्हीकल रजिस्टर्ड वाला प्रदेश यूपी है। सबसे ज्यादा रोबॉटिक्स का निर्माण यूपी में होने जा रहा है। यूपी देश का सबसे बड़ा डेटा सेंटर बनने जा रहा है। शासन की कार्यप्रणाली में ईमानदारी के साथ पारदर्शिता के परिणाम सबके सामने है।"

अब आपको योगी आदित्यनाथ पर दैनिक भास्कर की कवरेज भी पढ़वाते हैं...
योगी 28 साल पहले हुए झगड़े से बने ‘एंग्री यंग मैन’, फिर राजनीति में एंट्री; अब दूसरी बार UP का CM बन रचा इतिहास

1993 में पौड़ी गढ़वाल से 21 साल का एक लड़का घर से नौकरी करने की बात कहकर निकलता है। इसके बाद वह सीधा UP के गोरखपुर धाम पहुंच जाता है। इस लड़के की प्रतिभा को देख गोरखपुर धाम के महंत अवैद्यनाथ उससे काफी प्रभावित हो जाते हैं। फिर 1 साल बाद 1994 में यह लड़का महंत अवैद्यनाथ से गुरु दीक्षा प्राप्त करता है। इसी वक्त इस लड़के का नाम अजय सिंह बिष्ट से बदलकर योगी आदित्यनाथ रख दिया जाता है। यहां पढ़ें पूरी खबर...