बापू की खादी अब विदेशों में भी खूब लोकप्रिय हो रही है। लखनऊ की बेटी दीपिका खत्री ने इसी खादी के सहारे दुनियाभर में नाम कमाने में कामयाबी हासिल की है। शहर के रानीगंज मोहल्ले की दीपिका ने फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में सात समंदर पार अपने हुनर का जलवा बिखेरा है।
20 जनवरी को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में होने वाले इंटरनेशनल फैशन शो में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दुनिया भर के करीब 120 देशों के नुमाइंदों के सामने वह भारतीय परिधानों को विशेष मुकाम देंगी। इस फैशन शो में खादी के साथ लखनऊ की चिकनकारी और जरदोजी का भी समागम देखने को मिलेगा।
फ्रैंकफर्ट फैशन वीक' 2022 में मॉडल बिखेरेंगे भारतीय डिजाइन का जलवा
इंटरनेशनल फैशन शोज में भारतीय परिधानों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। यूरोप में फ्रैंकफर्ट फैशन लाउंज अपने अद्भुत और अनूठे अंदाज के लिए पहचाना जाता है। इसी फ्रैंकफर्ट फैशन वीक 2022 के मेगा इवेंट के लिए भारतीय डिजाइनर दीपिका खत्री के डिजाइन का भी चयन किया गया है।
दुनिया भर में बढ़ रहा बापू की खादी का क्रेज़
दैनिक भास्कर से बातचीत में दीपिका कहती हैं कि बापू की खादी का क्रेज दुनिया भर में बढ़ रहा है। खुद से डिजाइन किए गए परिधानों के बारे में वह कहती हैं कि खादी की सबसे बड़ी खूबी इसका आरामदायक और टिकाऊ होना है। यह टाइम प्रूफ ड्रेस है। यही कारण है कि दशकों से भारत में इसको प्रयोग में लाया जाता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि खादी के साथ वह जरदोजी और चिकनकारी के भी डिजाइन के कलेक्शन्स को शामिल कर रही हैं।
लखनऊ में पली-बढ़ी और NIFT बेंगलुरु की ग्रेजुएट हैं दीपिका
दीपिका कहती हैं कि बचपन में लखनऊ से जुड़ी उनकी पुरानी यादें आज भी ताजा हैं। पुराने लखनऊ के रानीगंज इलाके में उनका घर हुआ करता था। अब उनके मां-पिता मोतीझील में रहने लगे हैं। वह राजेंद्र नगर के नवयुग रेडियंस स्कूल से पढ़ी हैं। बाद में उनके पैरेंट्स ने उनके आईटी कॉलेज भेज दिया था। उनका मन फैशन इंडस्ट्री में रचा-बसा था।
उन्होंने NIFT के एंट्रेंस एग्जाम को क्वालीफाई किया और NIFT बैंगलुरु से बैचलर डिग्री हासिल की। उसके बाद उन्होंने सालों तक देश दुनिया की टॉप फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी में काम करने लगी। कुछ साल बाद राजस्थान के कोटा में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री प्रोफेशनल से उनकी बात शादी हुई। उसके बाद से वह जर्मनी में बेस्ड हैं। जर्मनी के भारतीय दूतावास ने भी दीपिका की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें दूतावास में आमंत्रित किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.